
Ranchi: पश्चिमी सिंहभूम सांसद गीता कोड़ा ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सीएम बाबूलाल ने उनका पार्टी में स्वागत किया. इस दौरान गीता ने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी सहित अन्य भाजपा नेताओं के प्रति आभार प्रकट किया. कहा कि उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है. इसका कारण है कि कांग्रेस देश को लगातार गर्त में ले जा रही है. तुष्टिकरण की राजनीति करती है. सबको साथ लेकर चलने की बजाय वह इसके उलट काम कर रही है. गीता के मुताबिक, राजनीति का मकसद जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करना है, उसके दुखों को दूर करना है. पर कांग्रेस पार्टी को इससे मतलब नहीं रह गया. ऐसे में इस पार्टी में रहने का कोई औचित्य नहीं. अब भाजपा के साथ वे जन सेवा में लगेंगी. पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसमें पूरी भागीदारी वे करेंगी. मौके पर नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, विधायक ढुल्लू महतो व अन्य भी मौजूद थे.


अब भाजपा की सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीत तय
बाबूलाल मरांडी ने गीता का पार्टी में स्वागत करते कहा कि वे पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी हैं. दो बार जगरनाथपुर विधानसभा सीट से प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं. अब सिंहभूम से सांसद के तौर पर भी लोगों का काम कर रही हैं. यह महत्वपूर्ण है कि जिस राज्य में सत्तारूढ दल कांग्रेस की सरकार है, गीता उस पार्टी को छोड़ कर भाजपा में आयी हैं. यह बताता है कि मोदीजी के कामों के प्रति लोगों का झुकाव कितना है. अब गीता के आने से कोल्हान समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी पार्टी को ताकत मिलेगी. पिछली बार 14 में से 12 सीटों पर एनडीए को जीत मिली थी, इस बार चौदहों सीट पर जीत तय है.
कांग्रेस पर हमला बोलते बाबूलाल ने कहा कि राज्य बने 23 साल हो गये पर उसने कभी यहां की जनभावनाओं का सम्मान नहीं किया. जयपाल सिंह मुंडा से लेकर शिबू सोरेन तक, उनका क्या हश्र कांग्रेस ने किया, वे इस पर अभी नहीं कहेंगे. अटल बिहारी के नेतृत्व में यह राज्य बना. कांग्रेस केवल एसटी के कल्याण के नाम पर सिर्फ झूठी रट लगाती है. मधु कोड़ा को सीएम बनाकर उसने खुद मधु खाया पर उन्हें कोड़ा खाने को छोड़ दिया. गीता और मधु कोड़ा हो समाज से आते हैं. वे सब चाईबासा के सीमित क्षेत्र में ही रहते हैं. पर उनका साथ कभी कांग्रेसियों ने नहीं दिया. हेमंत सोरेन ने यहां की संपदा लूटी. उसके लिए दिल्ली तक लोग बचाने में लगे हैं. महंगी महंगी फीस देकर वकीलों की सेवा ले रहे हैं जबकि सोरेन परिवार के पास तो इतनी जमीन है जितनी रातू और पद्मा और अन्य पूराने महाराजों के पास भी नहीं होगी. मधु कोड़ा गरीब आदिवासी थे सो उन्हें अकेला छोड़ दिया गया.
बाबूलाल ने मधु कोड़ा के पार्टी में शामिल होने के सवाल पर कहा कि वे और गीता तो साथ ही रहते हैं. ऐसे में वह भी अब भाजपा के साथ हैं. मधु कोड़ा से उनकी पुरानी पहचान है. कई लोग समय के साथ बिछुड़ गये थे, अब सब साथ जुट रहे हैं.
कांग्रेस मुक्त भारत तयः बाउरी
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि मोदीजी ने कांग्रेस मुक्त भारत की जो संकल्पना कही है, वह साकार होना तय हो रहा है. उन्हें फिर से पीएम बनाने का लक्ष्य जरूर पूरा होगा. पिछली बार लोकसभा चुनाव में जो सीट बाकी रह गयी थी, उस पर भी अबकी कमल खिलेगा.
इसे भी पढ़ें: BIG BREAKING: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा ने बीजेपी का थामा दामन, बाबूलाल ने दिलाई सदस्यता




