
Ranchi : सांसद खेल महोत्सव, रांची लोकसभा क्षेत्र का आयोजन 17-19 फरवरी तक खेलगांव, रांची में होगा. इसके लिए रांची लोकसभा के 3087 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. सांसद संजय सेठ ने सांसद कार्यालय में इस संबंध में जानकारी देते बुधवार को बताया कि महोत्सव में 6 खेलों तीरंदाजी, योगासन, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स और वुशु में कई प्रतिभाएं अपना हुनर दिखायेंगी. रांची लोकसभा क्षेत्र के 17 प्रखंड, 53 वार्डों और 200 पंचायतों का प्रतिनिधित्व इस महोत्सव में होगा. महोत्सव का उद्घाटन 17 फरवरी को केंद्रीय मंत्री (कोयला) प्रह्लाद जोशी, अर्जुन मुंडा (जनजातीय) और निशिथ प्रमाणिक (खेल राज्य मंत्री) करेंगे. मौके पर झारखंड ओलंपिक संघ के डॉ मधुकांत पाठक, शैलेंद्र दुबे सहित अन्य भी उपस्थित थे. इस दौरान सांसद खेल महोत्सव के लिए जर्सी, मेडल, मोमेंटो वगैरह का भी डिस्प्ले किया गया.
ओलंपिक एसोसिशन के नॉर्म्स का पालन
सांसद श्री सेठ के मुताबिक खेल महोत्सव के दौरान झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन से सहयोग मिल रहा है. खेल प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान सभी खेलों में ओलंपिक एसोशिएशन के नॉर्म्स का पालन पूरी तरह से होगा. विजेता खिलाड़ियों के लिए सांसद खेल महोत्सव एक बढ़िया प्लेटफॉर्म साबित होगा. उन्हें साईं या अन्य खेल सेंटरों के साथ टैग करने का भी प्रयास होगा. अभी सांसद खेल महोत्सव का पहला चरण है. नवंबर-दिसंबर में दूसरे चरण का आय़ोजन होगा जिसमें फुटबॉल, हॉकी और अन्य खेलों को शामिल किया जायेगा. सांसद ने रांची के खेल प्रेमियों और आम जन से आग्रह करते कहा कि वे खेल महोत्सव में आएं. इससे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा.
इसे भी पढ़ें –SAHAY योजनाः 16-18 फरवरी तक रांची में पांच जिलों के 520 खिलाड़ी 4 खेलों में दिखायेंगे प्रतिभा, CM बढ़ायेंगे मनोबल



