
Ranchi: होम आइसोलेशन में रहने वाले 10 हजार से अधिक कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने स्वरक्षा पोर्टल पर अपना निबंधन कराया है. इन मरीजों को राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल किट की सुविधा भी मिलनी शुरू हो गई है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में अब तक 13,029 मरीजों को मेडिकल किट दिया जा चुका है. इस किट में आवश्यक दवाओं से लेकर सैनिटाइजर व मास्क भी शामिल है. गौरतलब है कि राज्य सरकार ने सभी जिलों को होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना पॉजिटिव मरीजों के लिए मेडिकल किट देने का आदेश पूर्व में जारी किया था. विभिन्न जिलों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अधिकतर जिलों में अभी मेडिकल किट में पल्स ऑक्सीमीटर को शामिल नहीं किया गया है.
इसे भी पढ़ेःCovid-19 Challenge: गांवों को लौट रहे लाखों श्रमिक, सचिवालय से लेकर पंचायत सचिवालय तक सरकार हुई “आइसोलेट”
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पूर्वी सिंहभूम में 1000, पश्चिमी सिंहभूम में 78, लोहरदगा में 296, पाकुड़ में 60, सरायकेला खरसावां में 278, गढ़वा में 400, पलामू में 557, रामगढ़ में 1000, जामताड़ा में 100 व गोड्डा में 112 मरीजों को मेडिकल किट अभी तक मुहैया कराया जा चुका है. वहीं, साहिबगंज सहित कुछ अन्य जिलों में अब तक मेडिकल किट का वितरण शुरू नहीं किया गया है.
इस दिशा में स्वास्थ्य विभाग प्रयासरत है कि शेष जिलों में भी होम आइसोलेशन में रहने वाले कोरोना पॉजिटिव मरीजों को जल्द से जल्द उपलब्ध करा दिया जाए. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को मेडिकल किट उपलब्ध करा दिया जाए.
इसे भी पढ़ेःदेश में कोरोना वैक्सीन की कमी नहीं होने का दावा खोखला है : पी चिदंबरम




