
Palamu: मेदिनीनगर सदर प्रखंड के दुबियाखाड़ में दो दिवसीय राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला की शुरूआत शनिवार से हो गई. मेला का उदघाटन झारखंड प्रदेश के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, झारखंड विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष और मेला की नींव रखने वाले इंदर सिंह नामधारी, जिला परिषद के उपाध्यक्ष आलोक कुमार उर्फ टूटू सिंह, उपायुक्त ए दोड्डे, पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, डीडीसी रवि आनन्द ने दीप प्रज्जवलित कर किया.
शुरूआत में चेरो राजवंश के राजा मेदिनीराय की आदम कद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. मौके पर पालमा देवी व राजा मेदिनीराय की पूजा भी की गई.
मौके पर मंत्री श्री ठाकुर ने कई लाभुकों के बीच परिसंपतियों का वितरण किया. उन्होंने लाभुकों को योजनाओं का लाभ देते हुए कहा कि वर्ष 2021 में कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर इस मेले में शामिल हुआ था. यह मेला आदिवासियों के उत्थान के लिए है. प्रदेश की सरकार भी आदिवासियों के विकास की सोच रखती है. यही कारण है कि वे इस मेले में खुद को आने से रोक नहीं पाते हैं. नहीं आने पर आदिवासियों के साथ अन्याय होता. इस मेले के साथ मेरे अभिभावक इंदर सिंह नामधारी जी की भावना भी जुड़ी हुई है. 2019 के मेले में ही उन्होंने घोषणा की थी कि दुबियाखाड़ मेला को राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ का दर्जा दिलाया जायेगा. एक बार जो काम अपने हाथ में ले लेता हूं, उसे पूरा करके ही दिखाता हूं.
सोनपुर मेले की तर्ज पर इस मेले का विस्तार उनका सपना थाः नामधारी
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी ने कहा कि बिहार के सोनपुर मेले की तर्ज पर राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेले का विस्तार उनका सपना है. आदिवासी महाकुंभ मेला का राजकीय मेला घोषित होना लोगों के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि मेले को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए. मेले के माध्यम से आदिवासियों के समस्याओं का निदान होना चाहिए. दिन प्रतिदिन मेले का विराट रूप हो रहा है. आदिवासी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए मेला काफी सार्थक साबित हो रहा है.
पलामू उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने कहा कि राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला की भव्यता आगामी वर्ष में और बढ़ेगी. राजकीय मेला घोषित होने के बाद पहली बार यह आयोजन हो रहा है. आगामी वर्ष में राज्यभर में इसका प्रचार-प्रसार होगा. उन्होंने कहा कि सरकार एवं प्रशासन हर घर के हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है.
मेदिनीराय स्मृति न्यास-सह-मेला समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए मेला के इतिहास से अवगत कराया। साथ में ही वनों में रह रहे लोगों को चिन्हित कर उन्हें वन पट्टा उपलब्ध कराने, पलामू समाहरणालय परिसर में राजा मेदिनीराय की प्रतिमा स्थापित करने, रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर मेदिनीनगर करने आदि से संबंधित मांग रखी.
अतिथियों द्वारा राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला परिसर में चेंजिंग रूम एवं स्टोर रूम का शिलान्यास तथा शौचालय एवं स्टेज का उद्घाटन किया गया. मौके पर विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का भी वितरण किया गया. कार्यक्रम का संचालन अजय सिंह चोरो ने किया.
मौके पर गढ़वा एवं पलामू जिला बीससूत्री उपाध्यक्ष, खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ऋषभ गर्ग, अंचल अधिकारी झुनू मिश्रा के अलावा अन्य सरकारी पदाधिकारी-कर्मी, जेएमएम के जिला अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिन्हा, सचिव सन्नू सिद्दीकी, दीपक तिवारी, संजीव तिवारी, तनवीर आलम, मेला समिति के त्रिपुरारी सिंह, रामेश्वर सिंह चेरो, जेपी मिंज, भरदुल सिंह चेरो, हृदया सिंह, निर्मल सिंह, प्रमोद सिंह, उमेश सिंह, राजकुमार सिंह, अजीत सिंह, सुनील उरांव, सुरेंद्र सिंह, प्रताप तिर्की, विपिन सिंह, लक्ष्मण सिंह के अलावा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.
बताते चलें कि दुबियाखाड़ मेला की शुरूआत वर्ष 1991 में एकीकृत बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव व पूर्व मंत्री इंदर सिंह नामधारी ने की थी. इस मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने के बाद सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से 21 लाख रूपए आवंटित किए गए हैं. मेला 12 फरवरी तक आयोजित है. समापन कार्यक्रम में कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: राज्य सरकार आखिर क्यों कर रही DGP के नाम की घोषणा में देरी, क्या फिर से पुलिस मुखिया का पद रहेगा प्रभार में !




