
Ranchi: सरायकेला में मॉब लिंचिंग की घटना में मारे गये तबरेज अंसारी नाम के युवक के मामले में झारखंड के डीजीपी कमल नयन चौबे ने कहा है कि मामले में जो वीडियो वायरल हुआ है उसकी एफएसएल से जांच करायी जायेगी. इस मामले में दो पुलिसकर्मी लापरवाही के आरोप में निलंबित हुए हैं और पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है.
देखें वायरल वीडियो-
डीजीपी ने कहा है कि मृतक तबरेज दो साथियों के साथ 17 जून की रात ढाई बजे एक घर में चोरी करने घुसा था. पकड़े जाने पर उसकी पिटाई हुई थी. 18 जून की सुबह ईलाज कराने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था. 22 जून को जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद तबरेज को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तबरेज और उसके साथियों ने उसी रात मुरमू गांव से बाइक, पर्स और मोबाइल की चोरी की थी.
इसे भी पढ़ें – सरायकेला में मॉब लिंचिंगः नफरत की आग ने आपके अपनों को हत्यारा बना ही दिया !
एसपी ने किया दो थाना प्रभारियों को निलंबित
एसपी कार्तिक एस ने कार्रवाई करते हुए खरसावां थाना प्रभारी और सिनी ओपी प्रभारी को निलंबित कर दिया है. वहीं मामले की जांच के लिए एसआइटी गठित कर जांच शुरू की गयी है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि चोरी के आरोप में ग्रामीणों की पिटाई में गंभीर रूप से घायल तबरेज अंसारी की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई थी. इस मामले में तबरेज की पत्नी शहिस्ता परवीन ने सराइकेला थाना में रविवार को प्राथमिकी करायी थी.
इसे भी पढ़ें – राज्यसभा में बोले गुलाम नबी आजाद, हिंसा और मॉब लिंचिंग का कारखाना बन गया है झारखंड



