
Palamu : जिले के मोहम्मदगंज प्रखंड के ऐतिहासिक भीम चूल्हा व बराज क्षेत्र को अग्रणी पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर निर्माण कार्य चल रहा है. कार्य प्रगति का पलामू के उपायुक्त शशि रंजन ने निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त मेघा भारद्वाज व प्रशिक्षु आईएएस आशीष अग्रवाल भी मौजूद थे.
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि भीम चूल्हा व बराज के इलाके को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा. इसको लेकर निर्धारित योजना के अनुसार कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. उपायुक्त ने इस क्रम में स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की और वहां हो रहे कार्यों पर उनकी राय जानी. उन्होंने ग्रामीणों द्वारा दिये गए सुझावों पर भी अमल करने की बात कही.
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर: श्रीश्री शनि धाम एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर समिति ने की जमीन मुहैया कराने की मांग
खास कर बराज के उलट दिशा में फैले पहाड़ एवं उसकी शृंखलाओं की चोटी से सूर्योदय व बराज के सामने से कोयल नदी में होने वाले सूर्यास्त के दृश्यों को देखने के लिए पर्यटकों का आगमन होगा.
यहां तमाम संभावनाएं है, जिसका आंकलन कर योजनाओं में शामिल किया गया है. बराज के सामने पहाड़ी पर भी पुराने बंगलों का जीर्णोंद्धार के बारे में भी विचार किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि पर्यटक स्थल का विकास होने से स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा.
उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह इलाका अंतरराज्यीय सीमावर्ती होने के कारण पर्यटकों को आवागमन में भी सहूलियत होगी. यहां आने के लिए रेल व सड़क मार्ग का होना इसे टूरिस्ट फ्रेंडली बनाती है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यहां उपायुक्त के निर्देशानुसार पौराणिक मान्यता वाले स्थल भीम चूल्हा में मीनारों के ऊपर एक विशाल कढ़ाई का निर्माण, पत्थरों पर पैर के निशान स्थल, वाच टॉवर, सुरंग स्थल, मंदिर आदि का विकास किया जा रहा है. यहां एक पार्क भी बनाया जा रहा है, जहां बेंच व झूले आदि लगाये जा रहे हैं. कोयल नदी में बोटिंग की सहूलियत भी दी जायेगी. मौके पर मोहम्मदगंज के सीओ तथा बीडीओ भी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें : रास्ता रोकने पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- हवा, पानी रोककर मौलिक अधिकार का नहीं किया जा सकता हनन




