
Ranchi: हजारीबाग में आयोजित ‘दीक्षांत परेड समारोह’ से भाग लेकर लौट रहे राज्यपाल की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी से मिसफायरिंग हो गयी. इससे बगल में बैठे स्पेशल ब्रांच के एक जवान बाल गोविंद के बाएं पैर में गोली लगी. आनन-फानन में उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. सुरक्षा में तैनात कर्मी पिंटू कुमार के सर्विस रिवॉल्वर से मिस फारिंग हुई.
इसे भी पढ़ें: राज्यपाल पहुंचे हजारीबाग पंचायत भवन, ग्रामीणों से किया संवाद
दरअसल, राज्यपाल हजारीबाग के मेरु स्थित बीएसएफ कैंप में आयोजित 139 उप निरीक्षकों के पासिंग आउट परेड में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इसके बाद उन्होंने हुटपा पंचायत में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और परिसंपत्तियों का वितरण किया. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही राज्यपाल के निकलने का समय हुआ. वैसे ही स्पेशल ब्रांच के पदाधिकारी एवं कर्मी अपनी-अपनी गाड़ी में बैठ गए. गाड़ी पर बैठने के बाद राज्यपाल का काफिला निकलने वाला ही था कि घटना घट गई. सेकेंड स्कॉट गाड़ी में स्पेशल ब्रांच के तीन कर्मी बैठे हुए थे. दो पिछली और एक आगे की सीट पर थे. पीछे में बैठे दोनों कर्मियों ने अपना सर्विस रिवॉल्वर सीट पर रख दी. इसी बीच पिंटू कुमार के हाथ से फायरिंग हो गई. इससे गाड़ी में बैठे स्पेशल ब्रांच के कर्मी बालगोविंद के पैर में गोली लग गई. इससे वह घायल हो गए. उन्हें तत्काल हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. सूचना मिलने के बाद दूसरे कर्मी और स्पेशल ब्रांच के पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी ली. जानकारी के अनुसार घायल बालगोविंद उर्फ राहुल कुमार खतरे से बाहर हैं.
इसे भी पढ़ें: 15 मई को माओवादियों ने किया उत्तर भारत बंद का आह्वान




