JamshedpurJharkhand

जमशेदपुर: जिला सैनिक कल्याण बोर्ड चाईबासा में सैन्य पदाधिकारी की नियुक्ति के लिए डीसी को सौंपा ज्ञापन

Jamshedpur : अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की पूर्वी सिंहभूम इकाई ने शनिवार को उपायुक्त सूरज कुमार को एक ज्ञापन सौंपा. इसमें बताया गया कि जिला सैनिक कल्याण बोर्ड चाईबासा में कल्याण पदाधिकारी के सर्विस विस्तार अथवा नए पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं होने से आये दिन पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम एवं सरायकेला – खरसावां के सेनानियों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. एक काम के लिए कई चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.

भारतीय सेना के तीनों अंगों थल सेना, वायु सेना एवं जल सेना से सेवानिवृत्त सेनानी एवं वीर नारियों से संबंधित कल्याणनार्थ योजनाओं जैसे परिचय पत्र, पारिवारिक पेंशन, शैक्षणिक अनुदान, गृह मरम्मत अनुदान, बेटी के विवाह के लिए सहयोग राशि, अंतिम संस्कार एवं सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए रोजगार आदि का कार्य इस कार्यालय से किया जाता है. लगभग 10,000 सेनानी एवं वीर नारी इस कार्यालय पर आश्रित हैं. पिछले पदाधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभात कुमार प्रसाद का सेवा विस्तार नहीं होने एवं नए सैन्य पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं होने से समय एवं पैसे की बर्बादी के साथ-साथ बुजुर्ग पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को शारीरिक कष्ट का सामना करना पड़ रहा है. इस समस्या के निजात के लिए आर्मी, एयर फोर्स और नेवी के प्रतिनिधि के रूप में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रदेश महासचिव सुशील कुमार सिंह, जिला मंत्री दिनेश सिंह एवं पूर्व प्रदेश पदाधिकारी डॉ कमल शुक्ला के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा.

ये भी पढ़ें- प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर का मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, पहले दिन खेले गये दो मैैच

Related Articles

Back to top button