
Ranchi : रांची स्मार्ट सिटी क्षेत्र के जुपमी भवन में जमशेदपुर के नागरिकों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने और मोहरदा जलापूर्ति परियोजना फेज 1 की प्रगति और पेयजल कनेक्शन देने में गति लाने को लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग तथा टाटा स्टील के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने कहा कि मोहरदा जलापूर्ति परियोजना के तहत करीब 1500 कनेक्शन अब भी बाकी हैं. उसे अगले एक महीने में जुसको द्वारा पूर्ण किया जाये. मोहरदा जलापूर्ति परियोजना के पूरा होने के बाद भी जिन घरों तक जलापूर्ति नहीं हो पा रही है उन घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए राज्य सरकार और टाटा स्टील नयी योजना पर कार्य करे. उन्होंने इस योजना से जुड़े अन्य कार्यों को पूरा करने के लिए भी कई सुझाव दिये.
नगर विकास एवं आवास विभाग के निदेशक अमित कुमार ने श्री राय को बताया कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरी नागरिकों के घर तक पाइप लाइन से शुद्ध पेयजल पहुंचा कर जलापूर्ति सुनिश्चित कराने को लेकर कटिबद्ध है. यही वजह है कि सरकार की ओर से पहले से ही इस क्षेत्र के लिए एक नयी योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया है. जेएनएसी और टाटा स्टील तथा जुडको की ओर से योजना का डीपीआर बनाने का कार्य शुरू हो गया है. टाटा स्टील और जेएनएसी के पदाधिकारियों ने कार्य प्रगति में आनेवाली कठिनाइयों से भी सरयू राय को अवगत कराया.
इस मौके धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी पियूष सिन्हा को सरयू राय ने कहा कि रांची के कमांड कंट्रोल एंड कम्यूनिकेशन सेंटर का आप भी अवलोकन किजिए और जमशेदपुर में भी एक ऐसी ही व्यवस्था जिससे पूरे शहर के यातायात और आपराधिक घटनाओं का मॉनिटरिंग हो सके.
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग अंतर्गत राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी पियूष सिन्हा, सूडा के उप निदेशक कृष्ण कुमार, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार, जुडको के परियोजना निदेशक गोपाल जी, सूडा, जेएनएसी, टाटा स्टील, जुसको और जुडको के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें – चाईबासा में नक्सलियों द्वारा लगाए गए 10 किलो का बूबी ट्रैप आईईडी बम बरामद, बम को किया गया निष्क्रिय



