
Jamshedpur : बेहतर और सकारात्मक स्वास्थ्य को लेकर रोटरी क्लब द्वारा उज्वल दृष्टि अभियान की शुरुआत की गई है. इसका मकसद स्वास्थ्य खासकर बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल करना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करना है. उज्वल दृष्टि अभियान के तहत सभी रोटरी क्लबों को कार्यक्रम करना है. इस अभियान के तहत आज रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी और राउंड टेबल इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में शहर के दो स्कूलों, बिष्टुपुर स्थित नरभेराम हंसराज स्कूल (हिन्दी) और आरएमएस खूंटाडीह में नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया.
इस नेत्र जांच अभियान के तहत बुधवार को नरभेराम हिन्दी स्कूल में 400 और आरएमएस खूंटाडीह में 180 बच्चों के आखों की जांच की गयी. इसके अलावा आज जिन बच्चों की जांच नहीं हो सकी, उनकी आंखों की जांच आने वाले दिनों में कराने का निर्णय लिया गया. इस बीच जांच के दौरान कई बच्चों की आंखों में समस्या पायी गई. जिन बच्चों को चश्मे की जरुरत है उन्हें रोटरी क्लब की ओर से चश्मा प्रदान किया जाएगा, जबकि जिन्हें इलाज की जरुरत है उनके इलाज में क्लब की ओर से मदद की जाएगी.
रोटरी क्लब के इस अभियान के तहत तीन स्तर पर काम होगा. इसमें रिजस्ट्रेशन के आंखों की जांच और जरुरतमंदों को चश्मा प्रदान करना शामिल है. साथ ही, जिन्हें चश्मा मिलेगा, उन्हें किसी भी तरह की समस्या होने पर कॉल सेंटर का सपोर्ट भी मिलेगा. बता दें कि रोटरी क्लब की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर कॉल सेंटर सपोर्ट चालू किया गया है. इसकी वजह कोरोना काल में ऑनलाइन क्लास के दौरान बच्चों को आंखों से जुड़ी परेशानियों का सामने आना है. इस दौरान कई लोगों ने आर्थिक परेशानी की वजह से और जानकारी के अभाव में इसका इलाज नहीं कराया. इसी को देखते हुये रोटरी क्लब ने उज्वल दृष्टि अभियान की शुरुआत की है. आज के नेत्र जांच शिविर में हिमालया ऑप्टिकल, दौलत ऑप्टिकल और संजीव नेत्रालय का खास सहयोग रहा.
ये भी पढ़े : खासमहाल जमीन की करा ली रजिस्ट्री, विष्णु अग्रवाल सहित 19 लोगों को नोटिस




