
Ranchi : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने 23 नवंबर को बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ एकदिवसीय विशेष अभियान चलाया था. सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक चलाए गए इस अभियान (115/165 वीं कड़ी) में 4963 परिसरों में छापामारी की. इस दौरान 1137 परिसरों में बिजली चोरी और अनाधिकृत भार के केस मिले. इस आधार पर दोषियों के खिलाफ नजदीकी थानों में केस दर्ज हुए. 266.68 लाख रुपये हर्ज़ाना के तौर पर वसूले भी गये. 15 इलेक्ट्रिक सप्लाई सर्किल में मारे गये छापों के दौरान बिजली चोरी और अन्य मामलों में सबसे अधिक शिकायतें डाल्टनगंज में मिलीं. निगम की ओर से यहां 641 परिसरों पर छापेमारी हुई थी जिसमें 241 दोषी उपभोक्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. 41.50 रुपये हर्जाना के तौर पर लिए गए हैं. इस लिस्ट में कोडरमा सर्किल सबसे नीचे रहा. यहां 67 परिसरों पर छापे मारे गए थे जिनमें 16 उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर कराए गए हैं. 3.28 लाख रुपये की वसूली हुई है.
राजधानी में भी केस कम नहीं
जेबीवीएनएल के जीएम (APT) द्वारा जारी सूचना के मुताबिक अंचलीय स्तर पर की गयी छापेमारी में डाल्टनगंज के उपभोक्ताओं के खिलाफ सबसे अधिक केस रिकॉर्ड हुए हैं. साहेबगंज दूसरे स्थान पर है जहां 385 परिसरों पर छापे पड़े और 105 के खिलाफ केस दर्ज कराए गए. 14.24 लाख की वसूली हुई. राजधानी रांची में 573 परिसरों पर छापेमारी हुई. 99 के खिलाफ केस किए गए. 13.87 लाख रुपये की वसूली की गई. चौथे स्थान पर गढ़वा रहा जहां 296 परिसरों में छापेमारी के बाद 94 उपभोक्ताओं के खिलाफ केस हुए और 15. 47 लाख की वसूली हुई. इसके अलावा गिरिडीह में 276 परिसरों में छापेमारी के बाद 88 केस हुए और 19.59 लाख रुपये हर्जाना के तौर पर वसूले गए. जमशेदपुर में 407 परिसरों में छापे के बाद 79, धनबाद में 457 छापे के बाद 79 केस, हजारीबाग में 240 परिसरों में छापे के बाद 74 केस, दुमका में 244 छापे के बाद 70 केस, चाईबासा में 456 परिसरों में छापे के बाद 63 केस, रामगढ़ में 239 परिसरों में छापे के बाद 47 केस, चास में 295 छापे के बाद 21 और देवघर में 165 छापे के बाद 17 केस थाना में दर्ज कराए गए हैं.
उपभोक्ता करें सहयोग
निगम ने उपभोक्ताओं से बिजली चोरी रोकने में मदद मांगी है. साथ ही कहा है कि चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के बारे में मुख्यालय के कॉल सेंटर को फोन पर दें. सूचना देने का नाम गुप्त रखा जाएगा.1800 345 6570 टाल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand : बैरागी, पारधी एवं लोधा जातियों पर शोध कराएगी सरकार




