
Ranchi: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के रवि कुमार ने शुक्रवार को बताया कि मशहूर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी विधानसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग के जागरुकता कार्यक्रम स्वीप का हिस्सा बनेंगे. इस आशय का पत्र उन्होंने निर्वाचन आयोग को दिया है. निर्वाचन आयोग उनकी तस्वीर का उपयोग स्वीप के कार्यक्रमों में करेगा. वहीं मतदाताओं को अधिकाधिक संख्या में मतदान के लिए प्रेरित करनेवाली उनकी अपील का उपयोग मतदान प्रतिशत बढ़ाने में होगा. महेंद्र सिंह धौनी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के कार्यालय से जुड़ कर मतदाता जागरुकता अभियान में सहयोग करेंगे. नामचीन शख्सियत के जुड़ाव से मतदाता जागरुकता अभियान को बल मिलेगा. निर्वाचन सदन, धुर्वा में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते उन्होंने बताया कि शुक्रवार को हजारीबाग और रामगढ़ के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उन्होंने भ्रमण किया और स्वीप की गतिविधियों का अवलोकन किया. इस दौरान स्वीप कार्यक्रम में कुछ त्रुटियां मिलीं, जिनके अविलंब निराकरण के निर्देश दिये गये. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को प्रथम चरण के चुनाव के लिए नामांकन की अवधि खत्म हो गयी है. नामांकनों की स्क्रूटनी 28 अक्टूबर को होगी. नाम वापसी की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है. आदर्श आचार संहिता उल्लंघन में अब तक 16 प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं. इसमें सर्वाधिक 9 प्राथमिकी गढ़वा जिले में दर्ज हुई हैं. झारखंड में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक 51.17 करोड़ से अधिक के अवैध सामान और नकदी जब्त किये गये हैं.



