Crime NewsJharkhandLatehar

लातेहारः अवैध ईंट भट्ठे पर हादसा, पानी टंकी धंसी, मलबे में दबकर दो बच्चों की मौत

Latehar: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के सेरक गांव में अवैध ईंट भट्ठे पर हादसे में दो बच्चों की मौत हो गयी. दोनों बच्चे ईंट भट्ठे में काम करने वाले अपने नाना बहादुर भुइयां को खाना खिलाने अपनी मां के साथ गए थे. ईंट भट्ठा के बगल में ही स्थित निजी पानी की टंकी में पानी लेने के दौरान टंकी ध्वस्त हो गयी. उसके मलबे में दबकर दोनों बच्चों की मौत हो गयी. बच्चों की उम्र 5 वर्ष और 7 वर्ष थी.

बताया जाता है कि बहादुर भुइयां की बेटी अपने दो बच्चों के साथ अपने पिता के घर में ही रहती थी. गुरुवार को पिता को खाना देने वह ईंट भट्ठा के पास जा रही थी. मां के साथ दोनों बच्चे भी नाना के पास चले गये. मां जब घर लौटने लगी तो बच्चों ने कहा कि वह लोग नाना के साथ वापस आएंगे.

इसे भी पढ़ें – धनबाद : भू-धंसान में महिला के जमींदोज होने के मामले में बीसीसीएल प्रबंधन पर कार्रवाई की तैयारी में एससी आयोग

इसी बीच दोनों बच्चे पास में ही बने पानी टंकी के पास पानी पीने गये. इसी दौरान अचानक टंकी ध्वस्त हो गई और उसके मलबे में दोनों बच्चे दब गए. घटना को देख आसपास के लोग दौड़े और मलबे से दोनों बच्चे को बाहर निकाला. आनन-फानन में बच्चों को पास के ही उप स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया. जांच के दौरान चिकित्सा कर्मियों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया.

खनन अधिकारी जांच के लिए पहुंचे घटनास्थल पर

इधर घटना की सूचना मिलने के बाद लातेहार से जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार और जिला श्रम अधीक्षक बबन कुमार घटनास्थल की ओर रवाना हो गए. अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर पूरे मामले की जांच की. इनलोगों ने इस पूरे मामले में कुछ भी कहने से इनकार किया. हालांकि दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल लाने की तैयारी की जा रही है.

इसे भी पढ़ें – रांची पुलिस की इस एक गलती का भरपूर फायदा उठा रहे नक्सली

Related Articles

Back to top button