
Palamu: नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पलामू प्रमंडल की लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. ज़िले के बरवाडीह थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के एरिया कमांडर ठेपा सिंह उर्फ संजय सिंह खरवार (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार उग्रवादी पर छिपादोहर, गारू और बालूमाथ थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. बरवाडीह एसडीपीओ दिलु लोहरा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने एरिया कमांडर को विशुनबांध के खीराखाड़ से गिरफ्तार किया.
एसडीपीओ दिलु लोहार ने सोमवार को एक प्रेस ब्रीफिंग में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली ने पूछताछ में ज़िले में छह कांडों में संलिप्तता स्वीकार की है. उसकी गिरफ्तारी लातेहार पुलिस के लिए बड़ी सफलता है. पूछताछ से मिली जानकारी पर छानबीन की जा रही है. विशेष टीम में एसडीपीओ के अलावा थाना प्रभारी मनिका बबलू कुमार, थाना प्रभारी छिपादोहर अभिषेक कुमार समेत सशस्त्र बल और आईआरबी के जवान शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: कोल्हान के माओवाद प्रभावित इलाके में पुलिस प्रशासन के एंटी नक्सल अभियान के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्रामीण




