
Latehar : छत्तीसगढ़ से आकर लातेहार जिले में लूटपाट करनेवाले पांच डकैतों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी महुआडांड़ इलाके में लूटपाट करते थे. एक सप्ताह पहले इस गिरोह ने महुआडांड़ थाना क्षेत्र में लूटकांड को अंजाम दिया था.
घटना के बाद पुलिस छानबीन में जुटी थी. इसी बीच सभी को गिरफ्तार किया गया. अपराधियों की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी कामयाबी मान रही है.
इसे भी पढ़ें : धनबाद रेलवे स्टेशन में लगेज स्कैनर जांच में मिला पिस्तौल
लूट के बाद शुरू हुई थी पुलिस की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार सभी डकैत छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहनेवाले हैं. लातेहार पुलिस ने सभी डकैतों को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है.
दरअसल, छत्तीसगढ़ के डकैतों का गिरोह लातेहार जिले के महुआडांड़ के इलाके में लूटपाट की घटना को अंजाम देता था. एक सप्ताह पहले डकैतों के गिरोह ने महुआडांड़ थाना क्षेत्र के चटकपुर गांव के एक व्यवसायी के घर बंदूक के बल पर डकैती कर ली थी.
इसे भी पढ़ें : शवों को सुरक्षित रखने के लिए RMC के हर वार्ड में रहेगा डीप फ्रीजर
एसपी ने टीम बना कर सभी को पकड़ा
मामले की छानबीन के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सभी डकैत छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहने वाले हैं. सूचना पर एसपी प्रशांत आनंद ने टीम गठित कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस बल को छत्तीसगढ़ भेजा. जहां छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से पांच डकैतों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पायी.
इनकी हुई गिरफ्तारी
एसडीपीओ रतीभान सिंह ने बताया कि अपराधियों का गिरोह महुआडांड़ के अलावा दूसरे इलाकों में भी लूटपाट की घटना को अंजाम देता था. गिरफ्तार अपराधियों में रिजवान खान, अनीश खान, शाहिद आलम, अजय कुमार और तौफीक अंसारी शामिल हैं.
पुलिस ने इन अपराधियों के पास से चोरी की एलसीडी, जेवर, मोबाइल समेत अन्य सामान भी बरामद किये हैं. अपराधियों के खिलाफ छापामारी में महुआडांड़ थाना प्रभारी महेंद्र करमाली, गारू थाना प्रभारी आलोक दुबे समेत अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे.
इसे भी पढ़ें : लालू-ललन पासवान के मोबाइल पर बातचीत प्रकरण : आडियो की फोरेंसिक जांच करायेगी पुलिस




