
Ranchi: प्रदेश भाजपा ने आइएएस राजीव अरुण एक्का के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आग्रह राज्यपाल से किया है. पार्टी के एक प्रतिनिधिमण्डल ने इस संबंध में सोमवार को उनसे भेंट भी की. प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद आदित्य साहू, समीर उरांव समेत अन्य ने राज्यपाल राधाकृष्णन से अरुण एक्का के मामले में चिंता जताई. उन्हें एक पत्र और पेन ड्राइव में वीडियो क्लिप सौंपते कहा कि इस क्लिप के जारी होने के बाद सीएम के प्रधान सचिव तथा गृह विभाग के सचिव रहे राजीव अरुण एक्का को रविवार को पंचायती राज विभाग का सचिव बना दिया गया है. एक्का के मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो. राज्य सरकार से सीबीआई जांच कराने को उन्हें निर्देशित करें.
सरकार में दलाल हावी
भाजपा नेताओं ने कहा कि सीएम ने पद और गोपनीयता की शपथ ली है. ऐसे में उनके सचिव का असंवैधानिक कृत्य उस गोपनीयता की शपथ का उल्लंघन भी है. गृह विभाग की गोपनीय एवं बेहद संवेदनशील सूचनाएं भी उग्रवादियों, आतंकवादियों तक दलाल के मार्फत पहुंचने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. दलाल विशाल चौधरी के यहाँ बैठकर फाइलों का निष्पादन चिंतनीय है. आफिशियल सीक्रेट एक्ट के उल्लंघन का भी मामला यह है. इसके पूर्व ईडी की कार्रवाई के क्रम में एक और दलाल प्रेम प्रकाश के आवास से सीएम की सुरक्षा में लगे जवानों के एके 47 जैसे महत्वपूर्ण हथियार बरामद हुए हैं. अभी सरकार ने एक्का का मामला सामने आने पर उन्हें दूसरे विभाग में भेज दिया है. इससे इस मामले का पटाक्षेप नहीं हो सकता. वे जांच को प्रभावित कर सकते हैं. एक्का और विशाल चौधरी के खिलाफ तुरंत एफआईआर हो. सीबीआई जांच भी कराई जाए.
इसे भी पढ़ें: MGNREGA: टेंहडी पंचायत में 3 महीने पहले बनाए गए मिट्टी मोरम रोड को ही पंचायत फंड से बना दिया गया पीसीसी रोड




