Crime NewsJharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarKodermaLead NewsRanchi

Kodarma: हरियाणा से आए थे नाबालिग से शादी रचाने और पहुंच गए जेल, दूल्हा, पंडित और वर- वधू के पिता समेत कई अन्य गए जेल

Kodarma: आए थे शादी रचाने और पहुंच गए जेल. ऐसा मामला मरकच्चो के जामू में हुआ जहां 15 वर्षीय नाबालिग लडकी से शादी रचाने के मामले में दूल्हा, पंडितजी, 5 महिलाओं और वर वधू के पिता को मंगलवार को जेल भेज दिया गया. मरकच्चो पुलिस ने सोमवार को दुल्हा राजू यादव समेत शादी कराने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया था. इनमें दूल्हा पक्ष से सात लोगों को तथा वधू पक्ष के पिता दिलीप साव व शादी कराने आए पंडित बिक्रम पांडेय को मंगलवार को कोडरमा जेल भेज दिया.

इसे भी पढ़ें: गिरिडीह: दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी पति दोषी करार

बताया गया कि दूल्हा राजू यादव (उम्र 39 वर्ष) पिता सियाराम यादव, साकिन पालम बिहार गुडगांव, हरियाणा का निवासी है. इनके साथ शादी रचाने बिचौलिए के रुप में हरियाणा गुडगांव निवासी रेखा देवी (उम्र 38 वर्ष पति रामदेव साव), रूबी कुमारी (उम्र 20 वर्ष पिता रामदेव साव), सुमित साव (उम्र 18 वर्ष पिता रामदेव साव), बिनीता कुमारी (उम्र 21वर्ष पति पप्पू साव), अजय साव (उम्र 25 वर्ष पिता सियाराम साव) सभी साकीन चौमा थाना पालम बिहार जिला गुड़गांव हरियाणा निवासी आये थे. इनलोगो से पूछताछ के दौरान पता चला कि सभी सेवली देवी (पति कैलाश साव, जामू थाना मरकच्चो) के कहने पर 15 वर्षीय नाबालिग का विवाह करा कर अपने साथ हरियाणा ले जाने के लिए आए थे. वैवाहिक कार्ड में राजू साव का नाम छपा था जबकि आधार कार्ड में राजू यादव अंकित है.

बताया जा रहा है कि यह शादी 2 मई को शादी होनी थी लेकिन 1 मई को ही 1098 पर फोन गया कि मरकच्चो के ग्राम जामू में बाल व्यापार के उद्देश्य से एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की की शादी रचायी जा रही है. वहां पहुंचे ज़िला बाल संरक्षण पदाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, चाइल्ड लाइन टीम से आरजेएसएस सचिव मनोज कुमार, उमेश कुमार, सुनिता देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रज्जक, थाना प्रभारी लव कुमार पुलिस बल के साथ सूचना के सत्यापन हेतु ग्राम जामू पहुंचे तो इसे सत्य पाया. टीम के साथ जब दिलीप साव के घर प्रवेश किया गया तो सभी इधर उधर भागने लगे. लेकिन मौके पर ही मरकच्चो पुलिस टीम के द्वारा बाहर से आए सभी लोगो को गिरफ्तार कर थाना लाया गया. आवश्यक कार्यवायी के बाद मंगलवार को सभी को कोडरमा जेल भेज दिया गया.

वही ज़िला बाल संरक्षण पदाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने मरकच्चो थाना में इनलोगो के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. इस संबंध में बीडीओ पप्पू रज्जक व थाना प्रभारी लव कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि यह मामला बाल तस्करी से जुड़ा है. राजू यादव दिखावे के लिए नाबालिग से 2 मई को शादी करने वाला था. लेकिन उसका मुख्य उद्देश्य तस्करी कर उसे अपने साथ ले जाना था. यह शादी ग्रामीणों को बरगलाने के लिए रची गई थी.

Related Articles

Back to top button