
Giridih: गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना इलाके के शादीगवारो गांव में 31 दिसंबर की रात चोरी के इरादे से घर में घुसे युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला. मृतक इसी इलाके के बुधियाखाद के सिमरिया गांव निवासी बिनोद चौधरी था. जिसे शादीगवारो गांव में ग्रामीणों ने पीट पीटकर मार दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह एसडीपीओ अनिल सिंह और मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनय राम भी घटनास्थल पहुंच कर जांच में जुट गए है. जानकारी के अनुसार 31 दिसम्बर की रात को आदिवासी बहुल्य गांव शादीगवारो में सभी सो रहे थे. इसी दौरान बीरालाल टुडू नामक व्यक्ति के घर के उस कमरे में बिनोद घुस गया जिसमें बकरियां व गाय थी. बिनोद बकरियों को खोल रहा था तभी मवेशी चिल्लाने लगे. मवेशियों की आवाज सुनकर घरवाले जाग गए और शोर मचाने लगे. शोर सुनकर ग्रामीण जाग गए तभी आरोपी भागने की कोशिश करने लगा. ग्रामीणों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी. ग्रामीणों की पिटाई से बिनोद गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: रिम्स में ब्लड सैंपल टेस्ट होते ही मोबाइल पर मिलेगी रिपोर्ट, परिजनों को नहीं लगानी होगी दौड़




