JharkhandLead NewsRanchi

JSSC पेपर लीक प्रकरण में झारखंड के युवाओं के भविष्य का हुआ घोटाला, पूर्व सीएम भी इसमें शामिल: बाबूलाल मरांडी

Ranchi: भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) के द्वारा जेएसएससी प्रश्न लीक मामले को लेकर राजभवन के समीप गुरुवार को एकदिवसीय धरना कार्यक्रम किया गया. इसमें शामिल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पेपर लीक मामले में भ्रष्टाचार सिर्फ नौजवानों के साथ ही नहीं, पूरे प्रदेश के साथ भ्रष्टाचार है. जेएसएससी की परीक्षा की तिथि घोषणा से 2-3 दिन पहले से ही लोग उन्हें बता रहे थे कि इसमें सीटों को बेचा जा रहा है. 35 लाख से लेकर 50 लाख रुपये इसके लिए कैंडिडेट्स से मांगे जा रहे हैं. यह सरकार सिर्फ बच्चों, नौजवानों का भविष्य ही नहीं, झारखंड का भी भविष्य बर्बाद करने में लगी है.

राज्य सरकार के संरक्षण में JSSC के कुकर्म की सजा युवा ही नहीं, पूरा प्रदेश भुगत रहा है.झारखंड के लोग माड़ भात खाकर अपने बच्चों की किसी तरह पढ़ाते हैं, बच्चे दिन रात मेहनत करते हैं ताकि किसी तरह से सफल हो जाएं, वैसे होनहर बच्चों के साथ यह सरकार आघात कर रही है. अगर कोई पैसा लेकर युवा पदाधिकारी या कर्मचारी बनता है, तो यह तय है कि करप्शन की बुनियाद पड़ेगी और उससे करप्शन ही फले फूलेगा. मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज, भाजयुमो रांची महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाइक, महानगर अध्यक्ष वरूण साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह, पूर्व उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय सहित अन्य भी मौजूद थे.

छात्रों के आंदोलन पर सरकार ने मानी गड़बड़ी

बाबूलाल ने मौके पर कहा कि पहले भी ऐसी कई तरह की परीक्षाओं में गड़बड़ी सामने आई थी, लेकिन हेमन्त सरकार मानने को तैयार नहीं थी. लेकिन छात्रों ने जब सड़क पर उतर कर विरोध किया और सारा सबूत दिखाया, तो सरकार को स्वीकार करना पड़ा. जब छात्र अपने अधिकार को लेकर सड़क पर उतरते हैं तो उसके ऊपर लाठी चार्ज कर घायल किया जाता है. संगीन धाराओं के साथ केस कर डराने की कोशिश की जाती है. वे शुरू से कह रहे थे कि इतना बड़ा पेपर लीक का घोटाला बिना ‘ऊपर’ अर्थात मुख्यमंत्री कार्यालय की संलिप्तता के बगैर नहीं हो सकती है. आज यह बात साबित हो रही है.

ईडी ने हेमंत सोरेन की रिमांड अवधि बढ़ाने के लिए 539 पन्नों की जो जानकारी कोर्ट में दी, उसमें लिखा गया है कि हेमंत के करीबी मित्र आर्किटेक्ट बिनोद सिंह के मोबाइल और घर से छात्रों की बड़ी संख्या में एडमिट कार्ड बरामद हुए हैं, जिन्हें पैसे लेकर बहाल किया जाना था. राज्य सरकार को बताना चाहिए कि बिनोद सिंह कौन है? देश-विदेश की सपरिवार यात्रा में ये हेमंत सोरेन के साथ साये की तरह चलता है. अब पता चला है कि हेमंत सोरेन ने दलाल बिनोद के साथ मिलकर जमीन तो लूटा ही, साथ ही माड़ भात खाकर नौकरी की तैयारी करने वाले गरीब बेरोजगार छात्रों को भी लूट लिया है. बाबूलाल ने इस दौरान मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन से JSSC घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा करने की भी अपील की.

इसे भी पढ़ें: हेमंत की पहले हुई गिरफ्तारी, फिर पहुंचे राजभवन : राज्यपाल

Related Articles

Back to top button