
Chaibasa: झारखंड अधिविद्य परिषद् की मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षाएं मंगलवार से पहला दिन कदाचार मुक्त रहा। पहले दिन पहली पाली में मैट्रिक की आइआइटी, वोकेशनल, जबकि दूसरी पाली में इंटर की वोकेशनल की परीक्षा हुई। पोड़ाहाट अनुमंडल अंतर्गत चक्रधरपुर, सोनुवा, बंदगांव, गोइलकेरा एवं मनोहरपुर में मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा के लिए केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन अनुमंडल के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में मैट्रिक में कुल पंजीकृत 667 में से 657 विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जबकि 10 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं इंटर की परीक्षा में 16 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर में कुल 684 में से 668 ने परीक्षा दी। परीक्षा को कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों में मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात रहे। वहीं परीक्षा के पहले दिन पोड़ाहाट अनुमंडल पदाधिकारी एसडीओ रीना हांसदा ने केन्द्रों का जायजा लिया। चक्रधरपुर के मारवाड़ी प्लस टू विद्यालय, बाइडीह शारदा उच्च विद्यालय, महात्मा गांधी उच्च विद्यालय, कारमेल उच्च विद्यालय, उर्दू टाउन उच्च विद्यालय, जवाहर लाल नेहरु कालेज, मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा ली गई।




