Crime NewsJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsNEWSPalamuRanchi

जेजेएमपी उग्रवादियों ने मचाया उत्पात, पांच हाईवा में की तोड़फोड़

Latehar: सदर थाना क्षेत्र के मुरूप गांव के पास शनिवार रात जेजेएमपी के उग्रवादियों ने जमकर उत्पात मचाया. उग्रवादियों ने इस दौरान पांच हाईवा के शीशे तोड़ दिये. वहीं कई वाहन चालकों के साथ मारपीट भी की. उग्रवादियों ने इस दौरान कोयल की ढुलाई कर रहे वाहनों के चालकों को चेतावनी भी दी कि यदि संगठन के आदेश के बिना ट्रांसपोर्टिंग का कार्य किया तो अंजाम बुरा होगा. संभावना जताई जा रही है कि उग्रवादियों ने लेवी वसूलने के लिए इस घटना को अंजाम दिया है .

जानकारी के अनुसार लातेहार के तुबेद कोलियरी से कोयला लेकर वाहन बालूमाथ थाना क्षेत्र के रेलवे कोयला साइडिंग तक ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करते हैं. देर रात लगभग 10 की संख्या में जेजेएमपी के उग्रवादी हथियार के साथ मुरुप गांव के पास पहुंचे. उग्रवादियों ने कोयला ले जा रहे वाहनों को रोका और चालकों की पिटाई की. इस दौरान उग्रवादियों ने पांच वाहनों के शीशे तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि आधा दर्जन से अधिक वाहन की चाबी लूटकर ले गए.

उग्रवादियों ने दो वाहनों में लदे कोयले को बीच सड़क पर गिरा दिया, जिससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. लगभग आधा घंटा तक उग्रवादियों ने घटनास्थल पर हंगामा किया उसके बाद वाहन चालकों को चेतावनी देकर वहां से चले गए. उग्रवादियों के जाने के बाद चालकों ने इसकी सूचना प्रबंधन को दी. बाद में प्रबंधन ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी.
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार को डीएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन की. पुलिस की टीम ने सड़क पर गिरे हुए कोयले को हटवाकर यातायात को सामान्य करवाया. डीएसपी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Related Articles

Back to top button