
Ranchi: कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने पूरे देश में लॉकडाउन लागू कर दिया है. इस दौरान पुलिस, जिला प्रशासन, सरकार द्वारा जरूरतमंदों को राहत देकर उनकी मदद की जा रही है.
इस मुश्किल दौर में नक्सलियों का भी एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के द्वारा गरीब और जरूरतमंद ग्रामीणों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है. यह वीडियो लातेहार जिला का है.
इसे भी पढ़ें- क्या सत्ता का अमानवीय व निरंकुश चेहरा बेनकाब होने लगा है!
ग्रामीणों के बीच किया राशन वितरण
जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के द्वारा ग्रामीणों को राशन दिया जा रहा है. जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के एरिया कमांडर शिव जी ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान जनता को राशन की दिक्कत हो रही है. इसीलिए हमलोग राशन का वितरण कर रहे हैं.
हम लोगों द्वारा राशन खरीद कर लाया गया है फिर उसे जनता के बीच बांटा जा रहा है. जरूरतमंदों को 5 किलो चावल और आधा किलो दाल दिया जा रहा है. एरिया कमांडर शिव जी ने कहा कि जनता तक जहां राशन नहीं पहुंचती है वहां हम लोग जनता के लिए जरूरत का चीज पहुंचाएंगे.
इसे भी पढ़ें- प्रवासी मजदूरों से किराया वसूले जाने पर रेलवे बोला- राज्यों से लिया जा रहा 15% भाड़ा, कांग्रेस ने कहा- वापस लें आदेश
राज्य के 19 नक्सल प्रभावित जिलों में जरूरतमंदों तक खाना पहुंचा रही पुलिस
झारखंड में लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट है. ताकि कोरोना वायरस संक्रमण के चेन को तोड़ा जा सके. वहीं दूसरी ओर इस लॉकडाउन में राज्य के 19 नक्सल प्रभावित जिलों में गरीब, असहाय और जरूरतमंदों तक झारखंड पुलिसवाले खाना और जरूरी सामान पहुंचा रहे हैं.
राज्य में अति नक्सल प्रभावित इलाकों में करीब 70 पुलिस पिकेट व थाने हैं. जहां कम्युनिटी किचन शुरू कर दी गयी है. झारखंड पुलिस के द्वारा कोई भी व्यक्ति, कोई भी परिवार भूखा न रहे, इसका ख्याल रखा जा रहा है. गांव-गांव में यह संदेश पहुंच गया है कि राज्य सरकार की पहल पर पुलिस सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक मुफ्त में भोजन करा रही है.
झारखंड में भले नक्सली कमजोर पड़ गये हैं और झारखंड पुलिस लगातार नक्सलियों के खात्मे की अभियान चला रही है. इसके बावजूद भी 19 जिले झारखंड के नक्सल प्रभावित जिलों की सूची में है. जिनमें लातेहार, पलामू, बोकारो, चतरा, धनबाद, दुमका, जमशेदपुर, गढ़वा, गिरिडीह, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, कोडरमा, लोहरदगा, रामगढ़, रांची, सिमडेगा, सरायकेला, चाईबासा के अधिकांश जिले नक्सल प्रभावित हैं.
इसे भी पढ़ें- ऐसे वक्त में जब केंद्र सरकार मजदूरों से रेल भाड़ा वसूल रही है, कांग्रेस ने श्रमिकों को किराया देने का शुरू किया अभियान




