
Ranchi : झारखंड हायर एजुकेशन स्टूडेंट एसोसिएशन के बैनर तले छात्रों ने मुख्यमंत्री और जेएसएससी का पुतला फूंका. छात्रों ने मांग किया है कि संवर्ग 3 और संवर्ग 4 की नियुक्तियों में झारखंड के छात्रों को पूर्ण आरक्षण दिया जाए. साथ ही कहा कि अगर आरक्षण की नीति सही नहीं है, तो उसे अविलंब ठीक किया जाए. छात्रों ने यह भी मांग की है कि सरकार यथाशीघ्र इसपर विचार करे तथा झारखंडी हितों को ध्यान में रखे. इन छात्रों ने प्लस टू शिक्षक नियुक्ति में गलत आरक्षण नीति के खिलाफ अपना प्रदर्शन किया. ज्ञात हो कि 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर सरकार के द्वारा प्लस टू में गलत आरक्षण नीति का पालन करते हुए 75 प्रतिशत से अधिक सीटें झारखंड राज्य से बाहर के अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने की घोषणा की है.
इसे भी पढ़ें – प्रदेश के 39 लाख किसान बेहाल, 10 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि हो गई है अम्लीय
छात्रों ने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो आंदोलन वृहद रूप लेगा
छात्रों ने कहा है की अगर उनकी मांगें नहीं मानी गयीं तो छात्र अपने इस आंदोलन को वृहद करेंगे. साथ ही सरकार और जेएसएससी का जोरदार विरोध भी होगा. पीजीटी शिक्षक नियुक्ति में 75 प्रतिशत से ज्यादा नियुक्ति झारखंड से बाहर के युवाओं की हुई है. छात्रों का आरोप है की उत्तरप्रदेश और बंगाल के अभ्यर्थियों की बहाली की गयी है.
इसे भी पढ़ें – राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने रघुवर सरकार को घेरा, ट्वीट कर कहा, सस्ती बिजली छोड़ ले रहे महंगी बिजली
रांची के भाजपा सांसद ने भी जताया विरोध
प्लस टू शिक्षक में प्रतिशत धारियों की हुई नियुक्ति को देखते हुए रांची के भाजपा सांसद रामटहल चौधरी ने भी मुख्यमंत्री को खत लिखकर विरोध दर्ज कराया है. रामटहल चौधरी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नियुक्ति रद्द करने की मांग की है. उन्होंने कहा है कि अगर बाहरियों की ही नियुक्ति करनी है तो फिर झारखण्ड के अलग राज्य बनने का क्या फायदा.
इसे भी पढ़ें – पिता की कंपनी “जोहार” जब विवादों में आयी तो किया किनारा, अब उसे ही अपनी उपलब्धि बता रहे हैं मंत्री…
यह थे मौजूद
पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान झारखंड हायर एजुकेशन स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक भगत, अमिताभ कुमार, प्रभात कुमार, उत्पल कुमार,अजीत उमाशंकर,महावीर वीर सिंह सहित कई छात्र उपस्थित थे.




