
Ranchi: झारखंड में चुनावी बिगुल बज गया. चुनाव आयोग ने शुक्रवार की शाम विधानसभा चुनावों की घोषणा की. मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि झारखंड में पांच चरणों में मतदान होगा. 30 नवंबर से मतदान प्रारंभ होगा. 23 दिसंबर को मतगणना होगी.
पहले चरण का वोट 30 नवंबर को होगा. इसमें 13 सीटों पर चुनाव होगा. दूसरे चरण का मतदान 7 दिसंबर को होगा. इसमें 20 सीटों के लिए वोट डाले जायेंगे. तीसरे चरण में 12 दिसंबर को वोट होगा. इसमें 17 सीटों के लिए वोट डाले जायेंगे.
चौथे चरण का चुनाव 16 दिसंबर को होगा इसमें 15 सीटें शामिल हैं. पांचवें औऱ अंतिम चरण का चुनाव 20 दिसंबर को होगा. इसमें 16 सीटों के लिए वोट डाले जायेंगे.
चुनाव आचार संहिता लागू
झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा. चुनाव की घोषणा के साथ झारखंड में चुनाव आचार सहिंता लागू हो गयी है.
जानिये कब और कितनी सीटों पर चुनाव
| चरण | मतदान | सीटें |
| पहला चरण | 30 नवंबर | 13 सीटें |
| दूसरा चरण | 7 दिसंबर | 20 सीटें |
| तीसरा चरण | 12 दिसंबर | 17 सीटें |
| चौथा चरण | 16 दिसंबर | 15 सीटें |
| पांचवां चरण | 20 दिसंबर | 16 सीटें |
पहले चरण में इन सीटों पर चुनाव (30 नवंबर)
चतरा, गुमला, विशुनपुर, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छत्तरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा, भवनाथपुर
दूसरे में इन सीटों पर पड़ेंगे वोट (7 दिसंबर)
बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, पूर्वी जमशेदपुर, प. जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधारपुर, खरसावां, तमाड़, तोरपा, खूंटी, मांडर, सिसई, सिमडेगा, कोलेबिरा
तीसरे चरण में इन सीटों के लिए वोट (12 दिसंबर)
कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, रामगढ़, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके
चौथे चरण में इन सीटों पर मतदान (16 दिसंबर)
मधुपुर, देवघर, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झनिया, टुंडी, बाघमारा,
पांचवें चरण में इन सीटों पर वोट (20 दिसंबर)
राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोडैयाहाट, गोड्डा, महगामा
इसे भी पढ़ें – बिना लड़े ही गोमिया विधानसभा क्षेत्र में हार चुकी है कांग्रेस, इज्जत बचाने के लिए गठबंधन का ले रही आड़
67 विधानसभा सीटें नक्सल प्रभावित
श्री अरोड़ा ने कहा कि 19 जिले उग्रवाद प्रभावित हैं. उनमें 13 जिले अति उग्रवाद प्रभावित हैं. इन जिलों की 67 विधानसभा सीटें उग्रवाद प्रभावित हैं. इन विधानसभाओं में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें – #EnvironmentalPollution : दिल्ली-एनसीआर में जन स्वास्थ्य आपातकाल , पांच नवंबर तक निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध
गौरतलब है कि झारखंड में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को खत्म हो रहा है. उससे पहले नयी सरकार के गठन के लिए चुनाव कराये जाने हैं.
इस बात की संभावना थी कि आयोग झारखंड के साथ दिल्ली विधानसभा के चुनाव का कार्यक्रम भी घोषित करेगा. लेकिन आयोग ने सिर्फ झारखंड का चुनाव कार्यक्रम ही घोषित करने की जानकारी दी है. दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 22 फरवरी को पूरा होगा.
क्या था 2014 विस चुनाव का परिणाम
झारखंड में विधानसभा की 81 सीटों के लिए वोटिंग होगी. फिलहाल सत्ता में रघुवर दास के नेतृत्व में बीजेपी-आजसू की सरकार है. 2014 के विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी बीजेपी ने 31.3 फीसदी वोट के साथ 37 सीटें हासिल की थीं. और उसकी सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (एजेएसयू) 3.7 फीसदी वोट के साथ 5 सीटें जीती थी.
जबकि जेएमएम 20.4 फीसदी वोट के साथ 19 सीटें, कांग्रेस 10.5 फीसदी वोट के साथ 7 सीटें और जेवीएम 10 फीसदी वोट के साथ 8 सीटें जीतने में सफल रहा था. हालांकि चुनाव के बाद जेवीएम के 6 विधायक बीजेपी में शामिल हो गये थे. इसके अलावा 6 सीटें अन्य को मिली थी.
इसे भी पढ़ें – Factory-orders व #ProductionGrowthRate अक्टूबर में गिरकर दो साल के निचले स्तर पर : रिपोर्ट



