JharkhandRanchi

#JharkhandElection: 25 Oct से लेकर 5 Nov तक हो सकती है झारखंड में चुनाव की घोषणा, पार्टियां बड़ी रैली की तैयारी में

Akshay Kumar Jha

Ranchi: यूं तो झारखंड चुनावी मोड में जा चुका है. अब सिर्फ तारीखों की औपचारिकता बची है. प्रदेश में बीजेपी, कांग्रेस और जेएमएम तीनों बड़ी पार्टियां चुनावी समीकरण बुनने में व्यस्त हैं.

नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन हों या सूबे के मुखिया रघुवर दास सभी रैलियों और दौरों में मशरूफ हैं. चुनाव आयोग के सूत्रों का कहना है कि झारखंड में चुनाव का ऐलान 25 अक्टूबर से लेकर 5 नवंबर के बीच में कभी भी हो सकता है.

चुनावी तारीखों का ऐलान होते ही राज्य में Code Of Conduct (आचार संहिता) लागू हो जायेगा. लिहाजा राजनीतिक पार्टियां तारीखों के ऐलान से पहले ही बड़ी रैलियों की तैयारी में हैं.

इसे भी पढ़ें – सरकारी दावा झारखंड #ODF: गुमला ने पूरा किया 90% टारगेट लेकिन निर्माण के नाम पर एक करोड़ का घोटाला

17 अक्टूबर को आ सकते हैं पीएम मोदी

जाहिर तौर पर बीजेपी राज्य और देश की सबसे बड़ी पार्टी है. इसलिए चुनाव में जीत के लिए हर पार्टी अपना सबसे बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी.

बीजेपी में मोदी से बड़ा चेहरा फिलवक्त नहीं है. झारखंड प्रदेश बीजेपी चुनाव के तारीख की घोषणा से पहले एक बार फिर से पीएम मोदी को लाने की तैयारी कर रही है.

झारखंड सरकार पुलिसिया तैयारी में अभी से जुट गयी. पुलिस विभाग में कर्मियों की छुट्टियां नामंजूर की जी रही हैं. सूत्रों का कहना है कि पीएम मोदी 17 अक्टूबर को झारखंड आयेंगे. सूत्रों का कहना है कि वह इस बार दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह पलामू और संथाल में कई स्थानों पर सभाएं करेंगे.

इससे पहले 12 सितंबर को पीएम मोदी का दौरा झारखंड में हो चुका है. इधर सीएम भी जोहार जनआशीर्वाद यात्रा के माध्यम से राज्य का दौरा कर रहे हैं. सभाएं हो रही हैं.

पार्टी प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव का कहना है कि पार्टी पूरी तरह से चुनाव पर ध्यान दे रही है. सीएम की यात्रा में उमड़ती भीड़ इस बात का सबूत है कि फिर से एक बार बीजेपी की सरकार प्रदेश में बनने जा रही है.

इसे भी पढ़ें – #SBI ने 220 लोगों के 76,600 करोड़ रुपये का बैड लोन राइट ऑफ कर दिया!

संथाल में कांग्रेसी नेताओं का दौरा, होंगी पांच बड़ी रैलियां

झारखंड में सात सीटों पर सिमटी कांग्रेस नये प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के नतृत्व में चुनाव की तैयारी में जुट गयी है. प्रदेश अध्यक्ष ने न्यूज विंग से बात करते हुए कहा कि पार्टी चाहती है कि कांग्रेस गठबंधन कर चुनाव लड़े. लेकिन सम्मानजनक सीटों के साथ.

पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने न्यूज विंग को बताया कि पार्टी चुनाव की तैयारी में जुट चुकी है. प्रदेश अध्यक्ष के साथ 11 अक्टूबर से चुनावी दौरा शुरू होनेवाला है.

सबसे पहले 11 अक्टूबर से लेकर 15 अक्टूबर तक संथाल दौरा होगा. उसके बाद पांच बड़ी रैली राज्य भर में होगी. हालांकि रैली की तारीख और जगह अभी तय नहीं है. लेकिन उम्मीद है कि जामताड़ा, लातेहार, हटिया, बोकारो और चाईबासा में होगी.

उन्होंने कहा कि रैलियों के कांग्रेस के बड़े चेहरे शामिल होंगे. साथ ही कहा कि इन रैलियों के माध्यम से कांग्रेस राज्य में बीजेपी सरकार के काले कारनामों का पोल खोलने का काम करेगी.

तारीख ऐलान से पहले होगी जेएमएम की बदलाव यात्रा

जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन अपनी पूरी ताकत चुनाव के मद्देनजर झोंके हुए हैं. पार्टी की तरफ से आयोजित बदलाव यात्रा के जरिए राज्य भर में वो दौरा कर रहे हैं.

चुनाव की तारीख का ऐलान होने से पहले जेएमएम रांची में 19 अक्टूबर को अपना दम दिखायेगी. इससे पहले हेमंत सोरेन चुनावी सभा कर लोगों तक अपनी बात पहुंचा रहे हैं. लेकिन गठबंधन का पेंच अभी तक फंसा हुआ है.

कांग्रेस से गठबंधन पर अभी तक सकारात्मक तरीके से बात नहीं हो पायी है. संथाल और कोल्हान की कुछ सीटों पर दोनों के बीच विवाद कायम है.

जेएमएम लोकसभा और राजसभा चुनाव में गठबंधन के शर्तों की याद दिला रही है. वहीं कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव कैसे लड़ा जाये इस समीकरण पर काम कर रही है.

जेवीएम और आजसू गठबंधन के इंतजार में

इधर झारखंड के चुनाव में सरकार बनाने की अहम भूमिका में रहनेवाली जेवीएम और आजसू गठबंधन होने का इंतजार कर रही है. जेवीएम विपक्षी पार्टियों के साथ महागठबंधन कर चुनाव में उतरने की तैयारी में है. तो वहीं आजसू बीजेपी की तरफ टकटकी लगाए हुए है.

सूत्रों का कहना है कि आजसू बीजेपी से करीब 20 सीटों का डिमांड कर रही है, तो बीजेपी 10-12 सीटों पर ही रजामंदी जता रही है. यही हाल जेवीएम का भी है. जेवीएम का कहना है कि इस बार उनकी पार्टी पिछले चुनाव से भी ज्यादा सीट जीत कर आयेगी.

इसलिए उन्हें ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए. दोनों पार्टियों के गठबंधन भी चुनाव के ऐलान से पहले हो जाने की संभावना जतायी जी रही है.

इसे भी पढ़ें – # अब Moody’s ने भारत का #GDP ग्रोथ रेटअनुमान 6.2 फीसदी से घटाकर 5.8 पर्सेंट किया

Related Articles

Back to top button