
Ranchi: राज्य की टेक्सटाइल पॉलिसी सितंबर में समाप्त हो जायेगी. वहीं, उद्योग विभाग की ओर से नयी टेक्सटाइल पॉलिसी लागू करने की तैयारी की जा रही है. विभाग इस पर कार्यरत है. विभाग की मानें तो पूर्व से लागू टेक्सटाइल पॉलिसी को और अधिक प्रभावी बनाया जायेगा. इसमें सब्सिडी से लेकर अन्य प्रावधानों को सरल बनाया जायेगा. साथ ही अधिक से अधिक रोजगार के अवसरों पर काम किया जा रहा है. झारखंड चैंबर ऑफ कॉर्मस समेत अन्य व्यवसायिक संगठनों की ओर से टेक्सटाइल पॉलिसी को प्रभावी तरीके से लागू करने की मांग की जा रही है.
पॉलिसी को मिला था विस्तार
राज्य की टेक्सटाइल पॉलिसी साल 2021 में समाप्त हो गयी थी. कैबिनेट में राज्य सरकार ने 19 सिंतबर 2021 को पॉलिसी को फिर से अवधि विस्तार दिया था. इसके बाद फिर से साल 2022 को पॉलिसी को अवधि विस्तार दिया गया. ऐसे में अब दो साल के अवधि विस्तार के बाद उद्योग विभाग की ओर से पॉलिसी लागू की जायेगी. बता दें राज्य सरकार की ओर से टेक्सटाइल पॉलिसी के साथ ही टेक्सटाइल पार्क बनाने पर विचार किया जा रहा है. संभावना है नयी नीति के तहत राज्य सरकार इस पर काम करेगी.
सब्सिडी का है प्रावधान
वर्तमान में लागू टेक्सटाइल पॉलिसी की मानें तो महिलाओं को रोजगार देने पर कंपनी को अतिरिक्त 1000 की सब्सिडी दी जा रही है. जहां प्रति पुरुष रोजगार पर 5000 रुपये तथा प्रति महिला रोजगार पर 6000 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है. टेक्सटाइल पार्क के माध्यम से विभाग राज्य में कपड़ा और परिधान उद्योग को प्रोत्साहित करने पर विचार कर रहा है.
इसे भी पढ़ें: रांची: मेसरा ओपी क्षेत्र में टैंकर फटने से एक व्यक्ति की मौत, दो घायल




