World

गाजा : इजरायली हवाई हमलों में पत्रकार समेत 22 लोगों की मौत, संचार सेवाएं ठप होने का खतरा बढ़ा

Gaza: इजरायली हवाई हमलों में एक पत्रकार समेत कम से कम 22 फिलिस्तीनियों की जान चली गई है. इस बीच, ईंधन की कमी के चलते गाजा में संचार सेवाएं पूरी तरह ठप होने का खतरा मंडरा रहा है. गाजा के सिविल डिफेंस विभाग ने जानकारी दी कि शुजाय्या इलाके में एक घर को निशाना बनाकर हमला किया गया, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. मध्य गाजा के अल-बुरीज शरणार्थी शिविर पर हुए हमले में सात लोग मारे गए.

खान यूनिस शहर में नासेर अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि अलग-अलग हवाई हमलों के बाद चार शव बरामद किए गए. वहीं, अल-नुसेरात स्थित अल-अवदा अस्पताल ने पुष्टि की कि ड्रोन हमलों में अल-गाद टीवी के पत्रकार सईद नभान समेत तीन लोगों की जान गई और छह अन्य घायल हो गए. गाजा सरकार के मीडिया कार्यालय के अनुसार, 7 अक्टूबर 2023 को शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक मारे गए पत्रकारों की संख्या बढ़कर 203 हो गई है.

गाजा के संचार और डिजिटल अर्थव्यवस्था मंत्री अब्दुल रज्जाक अल-नतशा ने चेतावनी दी है कि ईंधन की गंभीर कमी के कारण शुक्रवार रात तक इंटरनेट और लैंडलाइन सेवाएं बंद हो सकती हैं. उन्होंने बताया कि ईंधन आपूर्ति पर इजरायल की नाकाबंदी के चलते आपातकालीन सेवाओं के बाधित होने का खतरा है.

 

Related Articles

Back to top button