
Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस अपरेश कुमार सिंह झारखंड हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस बन गए हैं. उन्होंने मंगलवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया है. इस संबंध में हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से मंगलवार को नोटिस जारी किया गया है. तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश डॉ रवि रंजन के सेवानिवृत्ति के बाद जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को एक्टिंग चीफ जस्टिस बनाया गया है.

इससे पूर्व 16 दिसंबर को केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय की ओर से जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को 20 दिसंबर से मुख्य न्यायाधीश के कार्यों का दायित्व संभालने संबंधी निर्देश जारी किया गया है. भारत सरकार के केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार हाईकोर्ट के वरीय जज होने के तहत जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. बता दें कि उत्तराखंड हाईकोर्ट के जस्टिस संजय कुमार मिश्रा के नाम की अनुशंसा झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 13 दिसंबर को हुई बैठक में केंद्र सरकार से की गई है.
इसे भी पढ़ें: Winter Session : लोकसभा में सीएम हेमन्त सोरेन को बलात्कारी कहे जाने पर विधानसभा में हंगामा, कार्यवाही 12.45 तक स्थगित




