
Ranchi : जदयू ने झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हर हाल में एनडीए को मजबूत करने की बात की है. पुराना विधानसभा भवन, झारखंड स्थित विधायक क्लब में सोमवार को पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सांसद सह जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पार्टी के सभी सिपाही मिलकर राज्य में एनडीए गठबंधन को मजबूत करेंगे. वर्तमान सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे. बैठक के दौरान प्रदेश नेताओं के स्तर से राज्य के करीब एक दर्जन सीटों पर मजबूत तैयारियों को लेकर कहा कि आने वाले एक महीने में इस तरह से पार्टी के बड़े कार्यक्रम हों जिससे पता लगे कि किस हद तक हम सब तैयार हैं. इन कार्यक्रमों में जरूरत पड़ने पर पार्टी के बड़े नेता भी आएंगे. बैठक के बाद मीडिया से बात करते संजय झा ने कहा कि अभी फिलहाल यही तय हुआ है कि राज्य में हर हाल में एनडीए के साथ ही चुनाव लड़ा जाएगा. एनडीए गठबंधन के तहत जो भी कैंडिडेट होंगे, उनकी जीत तय करने पर काम होगा. गठबंधन में सीटों को लेकर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सहयोगी दलों के नेताओं से बात करेंगे. मौके पर पूर्व मंत्री लालचंद महतो के छोटे भाई चेतलाल महतो ने जदयू की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की. इस दौरान बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सम्मानित नेता रहे लालचंद के भाई चेतलाल के साथ आने से जदयू यहां और मजबूत होगा. उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, वे इसे बखूबी निभाएंगे. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष और सांसद खीरू महतो, मंत्री श्रवण कुमार (बिहार सरकार), पूर्व मंत्री और विधायक सरयू राय, विधायक मनोज यादव (बिहार), विजय सिंह (सदस्य, बिहार विधान परिषद) सहित कई अन्य नेता भी उपस्थित थे.
मनोज सिंह का सुरेंद्र बंगाली कनेक्शन
बैठक की समाप्ति के बाद मनोज सिंह नामक व्यक्ति द्वारा अरगोड़ा थाना में आहार पत्रिका को लेकर दर्ज कराए गये एफआईआर पर मीडिया के सवालों के जवाब में सरयू राय ने कहा कि उन्हें पता है कि वास्तव में यह सब मंत्री बन्ना गुप्ता की शह पर हुआ है. उन्हें सूचना मिली है कि मनोज सिंह का कनेक्शन अपराधी छविवाले सुरेंद्र बंगाली से है. बन्ना गुप्ता के करीबी वकील ने एफआईआर की ड्राफ्टिंग की है. अगर विभागीय (खाद्य आपूर्ति) सूचना लीक होने का मामला हो तो पहले तो संबंधित अफसरों पर ही मंत्री कार्रवाई कर लेते. सरयू राय ने कहा कि झारखंड विधानसभा में सबूतों के साथ उन्होंने बन्ना गुप्ता के खिलाफ मामले उठाए. तीन-तीन बार सरकार के स्तर से जांच कराये जाने की बात हुई पर हुआ कुछ नहीं. इससे तो लगता है कि सीएम हेमंत का भी संरक्षण बन्ना गुप्ता को है.



