
Nalanda: नीतीश कुमार के गृह जिले के नगरनौसा थाना में जेडीयू नेता गणेश रविदास के कथित खुदकुशी मामले में पुलिस पर कार्रवाई हुई है.
मामले को लेकर नगरनौसा थानाध्यक्ष कमलेश कुमार, दारोगा बालेन्द्र राय और चौकीदार संजय पासवान को निलंबित करने के साथ ही गिरफ्तार भी कर लिया गया है. वहीं एक अन्य चौकीदार जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है, फिलहाल वो फरार है.
इसे भी पढ़ेंःRRDA-NIGAM: कौन है अजीत, जिसके पास होती है हर टेबल से नक्शा पास कराने की चाबी
थाने के टॉयलेट में लगायी थी फांसी
गौरतलब कि गुरुवार को नगरनौसा थाना में जदयू महादलित प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष ने कथित तौर पर फांसी लगा अपनी जान दे दी.
बताया जा रहा है कि फांसी उन्होंने थाने के शौचालय में लगायी थी, लेकिन स्थानीय लोगों कहना है कि इस मामले में पुलिस की लापरवाही हुई है. परिजनों ने गणेश रविदास के सिर पर चोट के निशान होने की बात कही है.
मौत पर लोगों का हंगामा
पूरी घटना से गुस्साये लोग शुक्रवार की सुबह सड़क पर उतर आये. इस दौरान जमकर हंगामा किया. स्थानीय लोगों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. इस दौरान एक इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिस पदाधिकारी को चोट आयी.
आक्रोशित लोगों ने बिहारशरीफ-पटना सड़क मार्ग को जाम कर दोषी पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की. लोगों के आक्रोश को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
इसे भी पढ़ेंःजानें स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी के वायरल वीडियो का सच (देखें वीडियो)
क्यों पुलिस ने किया था गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि गांव के ही नरेश साव ने 11 जून को स्थानीय थाना में अपनी पुत्री के अपहरण का मामला दर्ज कराया था. इस मामले में पुलिस ने गांव की ही मंजू देवी को पहले गिरफ्तार किया था.
मंगलवार को नगरनौसा पुलिस ने इस अपहरण के मामले में सैदपुर निवासी गणेश रविदास को पूछताछ के लिए थाने में बुलाया था. जहां उसने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि, अबतक आत्महत्या का कारण स्प्ष्ट नहीं हो पाया है.
गणेश रविदास इस मामले में अभियुक्त नहीं थे. और उन्हें हाजत में नहीं रखा गया था. ऐसे में ये मामला इसलिए संदिग्ध दिखता है.
इसे भी पढ़ेंःघनश्याम अग्रवाल को टाउन प्लानर बनाने के लिए नगर विकास विभाग ने नहीं की नियमों की परवाह




