
Patna: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा पटना में जलभराव से निपटने में ‘अक्षमता’ को लेकर नीतीश कुमार सरकार पर हमले के बाद बिहार में भाजपा और जद(यू) में तनातनी पैदा हो गयी है.
गिरिराज ने कहा था कि जब ताली सरदार को, तो गाली भी सरदार को. पिछले हफ्ते भारी बारिश के बाद राजधानी पटना के कई इलाकों में पानी भरने को लेकर उन्होंने यह टिप्पणी शुक्रवार को दरभंगा में की थी. सिंह के नये हमले के बाद कुमार की अगुवाई वाले जदयू ने सिंह और उनकी पार्टी पर पलटवार किया.
इसे भी पढ़ें- नीतीश पर गिरिराज के तंज का जदयू ने किया पलटवार, कहा- पैरों की धूल के बराबर भी नहीं
नीतीश की पैरों की धूल के बराबर भी नहीं गिरिराज
जद(यू) प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि वह (गिरिराज सिंह) नीतीश कुमार की पैरों की धूल के बराबर भी नहीं हैं. कोई भी जब – तब सिर्फ महादेव का नाम जप कर नेता नहीं बन जाता है.
गौरतलब है कि गिरिराज सिंह अपने भाषणों में अक्सर भगवान शिव का नाम लेते हैं. जद(यू) के एक अन्य प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि पटना में संकट के लिए भाजपा कहीं ज्यादा जिम्मेदार है.
उन्होंने कहा कि जद(यू) – भाजपा गठबंधन जब से राज्य में शासन कर रहा है, तब से शहरी विकास विभाग हमारे गठबंधन सहयोगी के पास है. पटना के मेयर भाजपा के हैं और जिले की दो लोकसभा सीटों का प्रतिनिधित्व भी भाजपा के नेता करते हैं. शहर के सभी विधानसभा क्षेत्र 1990 के दशक से ही भाजपा का गढ़ हैं.
जद(यू) के महासचिव के. सी. त्यागी ने दिल्ली में अपना गुब्बार निकाला. उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह आदतन अपराधी हैं. वह (विधानसभ में विपक्ष के नेता) तेजस्वी यादव से ज्यादा हमारे गठबंधन को नुकसान पहुंचा रहे हैं.
त्यागी ने कहा कि अतीत में भी ऐसे मौके आये जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गिरिराज सिंह को उनकी टिप्पणियों के लिए फटकार लगाई. उन्होंने इस बात पर हैरानी जताई कि भाजपा नेतृत्व उन पर लगाम क्यों नहीं कस पा रहा है.
इसे भी पढ़ें- #Scam गिरिडीहः डाकघर के तीन बाबुओं ने किया 11 करोड़ 64 लाख का गबन, तीनों सस्पेंड
नौकरशाही नियंत्रण से बाहर : राम कृपाल यादव
राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने कहा कि ऐसे मौके कम ही आते हैं जब हमारे विचार गिरिराज सिंह जैसे ध्रुवीकरण वाले भाजपा नेता से मिलते हों.
पटना आपदा के लिए बिहार में राजग सरकार को दोष देने में वह पूरी तरह से सही हैं. राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि गिरिराज सिंह जो कह रहे हैं, उसका बिल्कुल मतलब बनता है.
इस बीच, भाजपा सांसद राम कृपाल यादव ने भी बिहार सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था लागू की गयी है जिसमें नौकरशाही नियंत्रण से बाहर हो गयी है.
वहीं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद ने नुकसान की भरपाई की कोशिश की. उन्होंने कहा कि जब मामला हमारे घर का है तो किसी को भी मीडिया में क्यों जाना चाहिए.
यह जरूर है कि कुछ नेता बाढ़ के दौरान लोगों की समस्याओं का निदान करने के लिए दबाव में थे. लेकिन मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अथक परिश्रम कर रहे हैं.




