
Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित वीमेंस कॉलेज की छात्रा कौरवी पात्रा का चयन झारखंड विधानसभा की पहली छात्र संसद के लिए किया गया है. यह जानकारी देते हुए प्रभारी प्राचार्या डॉ सबीहा युनुस ने बताया कि 31 अक्टूबर को झारखंड विधानसभा में एक डमी छात्र संसद चलायी जायेगी. इस आयोजन की ‘थीम यूथ फाॅर ग्रीन झारखंड’ रखी गयी है. छात्र संसद में प्रतिभागियों के चयन के लिए विशेषज्ञ पैनल के सामने 27 अक्टूबर को ऑनलाइन प्रस्तुति करायी गयी. पूरे राज्य से 98 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अंतिम रूप से 24 का चयन किया गया. इसमें वीमेंस कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग की स्नातक की छात्रा कौरवी पात्रा का चयन भी किया गया है. वे झारखंड छात्र संसद में पूर्वी सिंहभूम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी. विधानसभा में विधेयक पारित करने की प्रक्रिया व अन्य गतिविधियों में ये सभी चयनित प्रतिभागी शरीक होंगे. इनमें से ही कोई मुख्यमंत्री, कोई संसदीय कार्य मंत्री, ने,से ता प्रतिपक्ष, विधायक आदि की भूमिका में मौजूद रहेंगे. प्राचार्या ने कहा कि यह काॅलेज परिवार सहित पूरे जिले के लिए गर्व की बात है. उन्होंने केयू की पूर्व कुलपति सह वीमेंस कॉलेज की पूर्व प्राचार्या प्रोफेसर शुक्ला मोहंती से मिले मार्गदर्शन का जिक्र किया. इस कार्यक्रम के लिए हिंदी विभाग की शिक्षिका डाॅ भारती कुमारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. छात्राओं की तैयारी में नोडल पदाधिकारी के साथ-साथ राजनीति विज्ञान विभाग की अध्यक्ष सोनाली सिंह और शर्मिला दास की भी अहम भूमिका रही.
इसे भी पढ़ें – जमीन विवाद में चचेरे भाइयों ने सब्बल मारकर टांग तोड़ी, पत्नी से बदसलूकी




