
Jamshedpur : मानगो पायल टॉकीज रोड पर उस समय सड़क जाम हो गयी, जब एक विशालकाय पेड़ बीच सड़क पर गिर पड़ा. इससे देखते ही देखते सड़क जाम हो गया. वैसे भी शुक्रवार को जुमे की नमाज होने की वजह से क्षेत्र की सड़कों पर आवागमन कुछ ज्यादा होती है. बावजूद इसके बीच सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने के लिये न तो वन विभाग के अधिकारी तत्काल हरकत में आयें और न ही पुलिस प्रशासन, जबकि जिस जगह पर पेड़ गिरी थी, वहां से थोड़ी दूरी पर ही वन विभाग का कार्यालय है. वहीं मानगो थाने की भी दूरी कुछ ज्यादा नहीं है. इस बीच वहां से गुजर रहे कांग्रेस नेता राजेश श्रीवास्तव की नजर सड़क पर गिरे पेड़ और वहां लगे जाम पर पड़ी. उन्होंने स्थानीय ठेलेवालों और मौके पर मौजूद कुछ लोगों के सहयोग से किसी तरह पेड़ को डाली समेत सड़क किनारे किया. तबतक वन विभाग के कुछ लोग भी पहुंच चुके थे, लेकिन सड़क पर आवागमन फिर से चालू कराने का राहगीरों का प्रयास उस वक्त तक सफल हो चुका था. इससे तेज धूप और उमसभरी गर्मी में सड़क जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली. हालांकि वे जाम में फंसकर परेशानी झेलने को लेकर संबंधित विभाग को कोसते भी नजर आये.




