
Jamshedpur : भाजपा के जिला महामंत्री अनिल मोदी ने जुगसलाई नगर परिषद अंतर्गत होल्डिंग टैक्स में तीन गुणा वृद्धि का विरोध किया है. उन्होंने पत्र लिखकर इस वृद्धि को वापस लेने का आग्रह राज्य सरकार से किया है. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अभी भी कोरोना की मार से उबरने का प्रयास कर रही है. इस महामारी में लोगो की नौकरी छूट गयी. कइयों का व्यवसाय बंद हो गया. अभी कोरोना का दौर गुजरने के बाद लोग खुद को व्यवस्थित एवं पुनर्स्थापित करने में लगे है. ऐसे में होल्डिंग टैक्स का बढ़ना उनके जले पे नमक छिड़कने जैसा है.
लोगों की प्राथमिकता घर का राशन और बच्चों की फीस
अनिल ने कहा कि अभी लोगों की पहली प्राथमिकता घर का राशन और बच्चों की फीस है. उन्होनें कहा कि अभी तो सरकार को आम जनता को राहत देने का काम करना चाहिए, ना कि उनकी मुश्किलों में वृद्धि करनी चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि होल्डिंग टैक्स बढ़ाने का यह समय नहीं है. कहा कि सरकार को पहले नगर निकायों में मूलभूत नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए. इसके बाद टैक्स बढ़ाना चाहिए.
जुगसलाई क्षेत्र में नागरिक सुविधाएं बदहाल
अनिल ने कहा कि जुगसलाई में नागरिक सुविधाएं बदहाल है. जुगसलाई नगर परिषद द्वारा कचरा निस्तारण एवं स्वच्छता के तमाम दावों के बावजूद विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे का ढेर व्यवस्था की पोल खोल रही है. उन्होनें कहा कि जुगसलाई की जनता इस अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध में है. कहा कि यदि इस वृद्धि को वापस नहीं लिया गया, तो जुगसलाई की जनता सड़कों पर उतर कर जोरदार आंदोलन करेगी.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से अधेड़ की मौत




