
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में बेसुध हालत में पड़ी एक 25 वर्षीय असहाय युवती को देख मानगो गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने मानवता की मिसाल पेश की है. कमेटी की ओर से बुधवार को युवती को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया. फिलहाल कमेटी युवती के इलाज का सारा खर्च वहन करेगी. साथ ही उसके परिवार वालों तक पहुंचाने का कार्य करेगी.
इस संबंध में मानगो गुरुद्वारा धर्म प्रचार कमेटी के सदस्य सुखवंत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 वर्षीय युवती पिछले तीन-चार दिनों से मानगो पेट्रोल पंप के समीप शिव मंदिर के पास बेसुध हालत में पड़ी थी. स्थानीय लोग उसे 4 दिनों से देख रहे है. उसके सिर में घाव होने की वजह से वह दर्द से काफी कराह रही थी. इसकी जानकारी मानगो गुरुद्वारा के प्रधान भगवान सिंह ने धर्म प्रचार कमेटी के सदस्य सुखवंत सिंह और गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य हीरा सिंह को दी. जिसके बाद दोनों ने युवती को उठाकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया और उसका इलाज के लिए पहल शुरू की. संभावना जतायी जा रही है कि यह युवती किसी और क्षेत्र की रहने वाली है और कोई उसे यहां छोड़ कर चला गया है.




