
Jamshedpur : जमशेदपुर के टैगोर एकेडमी स्कूल प्रबंधन पर कक्षा दो की छात्रा हर्षिता चंद्रा के परिजनों ने मधुमक्खी के डंक को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाते हुए साकची थाने में एफआईआर दर्ज कराया है. उनकी पुत्री हर्षिता चंद्रा टैगोर एकेडमी के कक्षा 2 (A) की छात्रा है. बीते 31 मार्च को स्कूल में क्लास के दौरान बच्ची के यूनिफार्म के भीतर मधुमक्खी घुस गई और उसने डंक मारना शुरू कर दिया. उनकी बच्ची ने जब इसकी शिकायत क्लास टीचर से की तो क्लास टीचर ने बहाना ना बनाने की बात कहते हुए मामले को गंभीरता से लेने के बजाय उल्टा उनकी पुत्री को फटकार लगा दी.
इस दौरान मधुमक्खी ने शरीर के कई भागों में डंक मारा जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई. घर पहुंचने पर छात्रा बेहोश हो गई. जिसके बाद उसे डॉक्टर के पास ले जाने पर पता चला कि मधुमक्खी के डंक से उसे इंफेक्शन हो गया है. फिर टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अभी उनकी बेटी अस्वस्थ है. उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्यवाई किए जाने की मांग की है, और अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है.
वैसे इस मामले में स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने कहा कि अभी तक बच्चे के अभिभावक द्वारा उनके पास इस मामले में ना ही मुलाकात की गई और ना ही कोई शिकायत दर्ज की गई है उन्होंने कहा कि मधुमक्खी का छत्ता उनके स्कूल में नहीं बल्कि बगल के बिल्डिंग में है जहां से कभी-कभी कुछ मधुमक्खियां उड़ कर आती है और उन्हें धुआं वगैरह के माध्यम से रोकने का प्रयास भी स्कूल प्रबंधन के द्वारा किया जाता है, उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन पूर्ण रुप से पीड़ित बच्ची का साथ देंगे.
इसे भी पढ़ें – पटना के निजी नर्सिंग होम में इलाज के क्रम में महिला की मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर काटा बवाल




