
Jamshedpur : साकची में पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. इसमें आजादनगर का रहनेवाला मो आतिफ अंसारी और अरमान खान शामिल है. इन दोनों को पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान बीती रात बस स्टैंड गोल चक्कर के पास धर दबोचा. दोनों आजादनगर मानगो के रहनेवाले हैं. पुलिस ने इनके पास से चोरी की बाइक भी बरामद की है. हालांकि इस दौरान उनका एक साथी जो बिष्टुपुर का रहनेवाला है, भाग निकलने में सफल रहा. पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है. वहीं जांच में युवकों के पास से बरामद बाइक परसूडीह के नौशाद आलम की पायी गयी है. बीते 29 जनवरी को साकची के मोहम्मडन लाइन से उस बाइक की चोरी हुयी थी. पुलिस ने पूछताछ के बाद पकड़े गये दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
उलीडीह में जुआ खेलते गिरफ्तार

इधर उलीडीह पुलिस ने होटल करनैल के पीछे मैदान में चल रहे जुए अड्डे पर छापेमारी कर योगेश्वर महतो को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर यह गिरफ्तारी की. हालांकि पुलिस को देखकर इस दौरान जुआ खेल रहे अन्य लोग भाग निकले. पुलिस ने मौके से नकद और ताश समेत कुछ अन्य सामान बरामद किये है. इस मामले में थाना के एएसआई विरेंद्र कुमार राय के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार व्यक्ति को पूछताछ के बाद पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.




