JamshedpurJharkhand

जमशेदपुर : साकची के पार्किंग जोन में दबंगई, पत्नी के सामने युवक का सिर फोड़ा, शिकायतकर्ता को ही थाना ले गयी पुलिस

Jamshedpur : साकची क्षेत्र में पार्किंग जोन में दबंगई कम होने का नाम नहीं ले रहा है. पार्किंग का ठेका लेने वाले लोग ही दबंगई पर उतारु है. गाड़ी पार्क करने वालों से जरा सा भी कहासुनी होने पर पार्किंग चार्ज करने वाले मारपीट पर उतर आ रहे हैं. वहीं पुलिस की कार्रवाई भी सवालों के घेरे में है. ताजा मामला मानगो के आजादबस्ती निवासी मोहम्मद जावेद से मारपीट कर उनका सिर फोड़ देने का है. जानकारी के मुताबिक मोहम्मद जावेद अपने परिवार के साथ साकची दयाल इंटरनेशनल के पास स्थित मार्केट कांप्लेक्स में खरीददारी करने गये थे. इस बीच उन्होंने वहां गाड़ी पार्क की थी. जब वे वापस पार्किंग स्थल पर लौटे तो पार्किंग वाले ने उनसे पैसे मांगे. उसी दौरान दोनों के बीच पार्किंग के पैसे देने को लेकर कहासुनी हो गयी, तभी पार्किंग ठेकेदार के साथ मौजूद लोगों ने उस पर हमला करते हुये पत्नी समेत अन्य लोगों के सामने जावेद की पिटायी कर दी. इस दौरान जावेद का सिर फट गया. इस घटना के खिलाफ देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया. उसी1 बीच सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन अजीबोगरीब स्थिति तब उत्पन्न हो गई जब पुलिस ने शिकायतकर्ता के खिलाफ ही कार्रवाई की और हंगामा कर रहे परिजनों को ही पकड़कर थाना लेकर चली गयी. फिलहाल इस मामले में पार्किंग ठेकेदार या उसके कर्मचारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी है. पुलिस की ओर से भी इसे लेकर अधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है. बता दें कि शहर के साकची क्षेत्र समेत आसपास के इलाके में लगातार पार्किंग शुल्क वसूली को लेकर इससे पहले भी दबंगई के मामले सामने आ चुके हैं. हालांकि पुलिस ने कम ही मामलो में पार्किंग ठेकेदार या उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है. इससे गाड़ी पार्क करने वालों से अभद्रता और मारपीट की घटनाओ में बढ़ोत्तरी हो रही है. वहीं पुलिस की कार्रवाई को देखते हुये इस तरह के मामलो में पुलिस के रवैये पर भी सवाल उठ रहे हैं.

Related Articles

Back to top button