
Jamshedpur : शहर से सटे डिमना लेक से जमशेदपुर आनेवाले रास्ते में एक बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. घटना बीते देर रात की है. इसकी जानकारी लोगों को शुक्रवार को तब हुई जब उन्होंने खाई में गिरा वाहन देखा. उस पर पुआल लदा हुआ था. संभावना जतायी जा रही है कि पटमदा-बोड़ाम क्षेत्र से वाहन पर पुआल लोडकर शहर लाया जा रहा होगा, उसी बीच चालक के वाहन से नियंत्रण खो बैठने से यह हादसा हो गया होगा. हालांकि, घटना के बाद से वाहन चालक का पता नहीं चला है. उसकी तलाश की जा रही है. इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन के माध्यम से वाहन को खाई से निकाला गया. उसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है. यहां बता दें कि शहर से डिमना लेक जानेवाली सड़क काफी घुमावदार है. वहीं सड़क के एक ओर पहाड़ी तो दूसरी ओर खाई है. इससे वाहन चलाते वक्त थोड़ी भी लापरवाही बरतने पर दुर्घटना तय माना जाता है. इससे लोग सशंकित रहते हैं और काफी सावधानी से वाहन चलाते हैं. ताकि दुर्घटना का शिकार होने से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें भाजपा के शासनकाल में महंगाई थमने का नाम नहीं ले रही हैः आभा सिन्हा




