
Jamshedpur : मूलभूत नागरिक सुविधाओं की बदहाली को लेकर भारतीय जनता पार्टी, जुगसलाई मंडल के द्वारा गुरुवार को जुगसलाई नगर परिषद के समक्ष जोरदार प्रदर्शन कर विरोध दर्ज किया गया. साथ ही जल्द से जल्द स्थिति में सुधार नहीं होने पर भाजपा द्वारा लगातार सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गयी.
इससे पूर्व भाजपा के जिला पदाधिकारियों के साथ जुगसलाई मंडल के मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं ने जुगसलाई चौक बाजार से पैदल मार्च करते हुए जुगसलाई नगर परिषद के समक्ष जोरदार प्रदर्शन कर राज्य सरकार के इशारे पर नगर निकाय के पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. इस दौरान हाथों में छोटी-छोटी तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय के प्रवेश द्वार के समक्ष प्रदर्शन करते हुए गेट जाम कर दिया.
राज्य के विभिन्न नगर निकायों में भ्रष्टाचार चरम पर हैः अनिल
जानकारी देते हुए भाजपा के जिला महामंत्री अनिल मोदी ने बताया कि पूरे राज्य में बिजली पानी और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं से राज्यवासी वंचित हैं. राज्य के विभिन्न नगर निकायों में भ्रष्टाचार चरम पर है. दूसरी ओर राज्य सरकार बेहतर स्वच्छ राज्य अपने आप को घोषित कर अपना झूठा पीठ थपथपा रही है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भ्रष्ट सरकार के भ्रष्ट पदाधिकारियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरे प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में जोरदार प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज करा रही है. इसके बाद भी अगर कोई हल नहीं निकला तो, पार्टी द्वारा सड़क पर उतर कर लगातार आंदोलन करने को बाध्य होगी.
इसे भी पढ़ें : सरायकेला: ब्राउन शुगर कारोबारियों को बड़ी चोट, युवती समेत दो गिरफ्तार, आदित्यपुर से दबोचे गए




