
Israel: इजरायली सेना ने गाजा के दक्षिण में स्थित राफा शहर में एक विशेष ऑपरेशन चलाकर दो बंधकों को रिहा करवाया है. अक्टूबर में दक्षिणी इज़रायल पर हमास के हमलों के दौरान 253 लोगों का अपहरण किया गया था. इन 253 बंधकों में 61 वर्षीय फर्नांडो मार्मन और 70 वर्षीय लुईस हर शामिल थे. जिन्हें अब हमास की कैद से रिहा करवा लिया गया है.
इजरायली सेना के अनुसार, आईडीएफ (इजरायल डिफेंस फोर्सेज), शिन बेट और स्पेशल पुलिस यूनिट ने राफा में एक जॉइंट रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर इन्हें रिहा करवाया. आईडीएफ ने एक्स पर इनकी रिहाई का वीडियो जारी कर लिखा कि “बंधक हमारे साथ हैं, सुरक्षित और स्वस्थ हैं”.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा हमास की संघर्ष विराम शर्तों को अस्वीकार करने और दक्षिणी गाजा शहर में हमले बढ़ाने का संकल्प व्यक्त करने के बाद गाजा पट्टी के राफा में इजरायली हवाई हमलों में कम से कम 13 लोग मारे गए हैं.
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई को ‘‘अविश्वसनीय” बताया है और कहा है कि वह युद्ध में संघर्ष विराम के लिए इजरायल तथा हमास पर लगातार दबाव डालने का काम कर रहा है.
इसे भी पढ़ें- दो दिनों के दौरे पर आज यूएई रवाना होंगे पीएम मोदी, अबू धाबी में हिंदू मंदिर का करेंगे उद्घाटन




