
Dhanbad : बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो को गिरफ्तार करने में धनबाद पुलिस क्या कामयाब हो पायेगी? यह सवाल धनबाद के लोगों के मन में इन दिनों उठने लगे हैं. लोग सरेआम यह चर्चा करते हुए यहां मिल जायेंगे कि पुलिस चाहे कितनी भी कोशिश कर ले लेकिन ढुल्लू पुलिस की गिरफ्त में नहीं आने वाला.
लोगों का कहना है कि धनबाद पुलिस नौ वर्षों से सुरेश सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे शशि सिंह को तो गिरफ्तार नहीं कर सकी, लाख कोशिशों के बावजूद शशि सिंह अब भी फरार है. ऐसे में क्या पुलिस विधायक ढुल्लू महतो को गिरफ्तार करने में कामयाब हो पायेगी?
ढुल्लू की गिरफ्तारी के लिए तीन राज्यों में छापेमारी कर चुकी है पुलिस
प्रदेश में झामुमो की सरकार बनने के बाद धनबाद पुलिस का रंग-रूप बदला-बदला सा दिख रहा है. पिछले कई वर्षों से बाघमारा में एकछत्र राज करने वाले विधायक ढुल्लू महतो पर कई संगीन मामले होने के बाद भी धनबाद पुलिस उनके खिलाफ एफआइआर तक दर्ज करने से परहेज करती थी. वहीं सरकार बदलने के बाद उनके खिलाफ एफआइआर कर उनकी गिरफ्तार के लिए पुरजोर कोशिश की जा रही है. बावजूद इसके पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं.
बताया जाता है कि ढुल्लू महतो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अब तक तीन राज्यों में छापेमारी कर चुकी है. झारखंड, बंगाल और यूपी के संभावित ठिकानों पर पुलिस ने दबिश दी लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है. पुलिस को विधायक ढुल्लू महतो का अंतिम मोबाइल लोकेशन पुरुलिया मिला था. सूत्रों का कहना है कि ढुल्लू बंगाल के रास्ते दिल्ली जा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें- #Delhiviolence: आप पार्षद ताहिर हुसैन के घर की छत पर कट्टा,पेट्रोल बम और पत्थरों का जखीरा, बचाव में उतरी पार्टी
शशि सिंह की गिरफ्तारी के लिए खर्च हो चुके हैं 12 लाख से अधिक राशि
अगर धनबाद पुलिस की कार्यर्शली पर गौर करें तो लोगों के सवाल अनुचित नहीं लगते हैं. पुलिस सुरेश सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी शशि सिंह की गिरफ्तारी के लिए अब तक 12 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च कर चुकी है. इसके बावजूद अब तक पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है.
सात दिसंबर 2011 को एक शादी समारोह में सुरेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. शशि सिंह इस मामले में अभी भी फरार है. पुलिस ने शशि सिंह को गिरफ्तार करने की पुरजोर कोशिश की. यूपी में अलग-अलग जगहों पर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गयी. इतने सालों में 12 लाख रुपये खर्च करके भी जब पुलिस शशि सिंह को गिरफ्तार नहीं कर सकी तो ऐसे में लोगों का यह सवाल मायने रखता है कि क्या पुलिस ढुल्लू महतो को गिरफ्तार कर पायेगी?




