ChatraCrime News

चतरा में पैसा दुगुना करने वाले गिरोह का अंतरराज्यीय ठग कर्नाटक से गिरफ्तार

Chatra: जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के घनगड्डा गांव से वर्ष 2016 में ग्रामीणों के पैसे को दुगुना करने वाले गिरोह के एक सदस्य शेखर नायक को पुलिस ने कर्नाटक के बेल्लारी जाकर गिरफ्तार किया है. इस मामले में सदर थाना के एसआई प्रकाश सेठ के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने कर्नाटक गयी  थी. आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर चतरा लाया गया है. बताया जा रहा है कि फ्राड प्रकरण में घनगड्डा गांव निवासी पंकज रजक के कहने पर घनगड्डा व आसपास के गांवों के करीब 150 लोगों ने पैसा दुगुना होने के लालच में करीब 27 लाख रु की राशि पंकज के खाते में ट्रांसफर कर दी थी. जब लोगों को राशि दुगुनी होकर नहीं मिली तो उन्होंने पंकज रजक से पैसा वापस मांगना शुरू कर दिया. इसके बाद पंकज रजक ने इस फ्राड को स्वयं के साथ हुए फ्राड को कहना शुरू कर दिया.
इसे भी पढ़ें: चतरा में सीसीएलकर्मी संजय महतो हत्याकांड मामले में एक महिला समेत तीन गिरफ्तार

बाद में इस मामले को लेकर आरोपी पंकज ने चतरा व्यवहार न्यायालय में बिनोद मोदी,धीरज कुमार,रामप्रीत साह,उमेश गुप्ता, शेखर नायक व विकास कुमार के खिलाफ परिवाद पत्र संख्या 787/2016 दाखिल किया. इसके बाद कोर्ट के आदेश पर सदर थाना में कांड संख्या 333/16 दिनांक 18-11-16 व धारा 406/420 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया. सात वर्षों तक फरार रहने के बाद गत 9 मार्च को फ्राड के मुख्य आरोपी बिनोद मोदी को पुलिस ने बिहार के जमुई से गिरफ्तार किया. कांड के अनुसंधानकर्ता प्रकाश सेठ ने बताया कि फ्रॉड केस के दूसरे आरोपी शेखर नायक को कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया है. अन्य अभियुक्त अभी भी फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है.

Related Articles

Back to top button