
Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के 500 मेगावाट वाले ए पावर प्लांट से पांच दिनों बाद रविवार की रात्रि दस बजे के बाद बिजली का उत्पादन आरंभ कर दिया गया.इसके पूर्व रविवार को दोपहर ढ़ाई बजे यूनिट को लाईटअप किया गया.रात्रि दस बजे के बाद यूनिट सिंक्रोनाइज हुआ. सोमवार को यूनिट से 350 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा था.नूरी नगर स्थित डीवीसी का ऐश पौंड भरा होने के कारण ही यूनिट को कम लोड पर चलाया जा रहा है. डीवीसी के जीएम ओएंडएम एस भट्टाचार्य का कहना था कि पौंड पूरी तरह से खाली नहीं होने के कारण ही यूनिट को कम लोड पर चलाया जा रहा है.विदित हो कि 16 अक्टूबर की सुबह आठ बजे पावर प्लांट के टरबाइन फलोर से नीचे एचटी पैनल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से यूनिट से बिजली उत्पादन ठप हो गया था.

21 वरीय अभियंताओं का तबादला
डीवीसी मुख्यालय के ईडी एचआर सत्येंद्रनाथ दत्ता ने सोमवार को पत्रांक-392 के तहत बोकारो थर्मल एवं चंद्रपुरा पावर प्लांट के एचओपी आनंद मोहन प्रसाद,मनोज कुमार ठाकुर तथा बोकारो थर्मल के जीएम ओएंडएम एस भट्टाचार्य सहित व्यापक पैमाने पर डीवीसी के विभिन्न प्रोजेक्टों के 21 वरीय अभियंताओं का तबादला किया है.बोकारो थर्मल के एचओपी सह चीफ जीएम आनंद मोहन प्रसाद को मैथन का कोल कॉर्डिनेशन पद पर भेजा गया है.नेशनल मिशन नई दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर सुशील कुमार अरजरिया को बोकारो थर्मल को एचओपी बनाया गया है.जबकि जीएम ओएंडएम एस भट्टाचार्य को कॉर्पोरेट प्लान कोलकाता भेजा गया है.कंस्ट्रक्शन के जीएम मृत्युंजय प्रसाद को बोकारो थर्मल का जीएम ओएंडएम बनाया गया है.चंद्रपुरा के चीफ जीएम मनोज कुमार ठाकुर को कोडरमा का एचओपी,कोडरमा के एचओपी दिलीप कुमार सिंह को मैथन,मैथन के अभिजीत चक्रवर्ती को कोलकाता,ईएमपीसी कोलकाता के अभय कुमार श्रीवास्तव को एचओपी पंचेत,कोलकाता के विजयानंद शर्मा को चंद्रपुरा का एचओपी,रघुनाथपुर ओएंडएम के रबिंद्र कुमार सामल को रघुनाथपुर का एचओपी,मीजिया के डीजीएम आरके साहू को कोलकाता, कोडरमा के डीजीएम रंजीत सिंह को कोनार का इंचार्ज,कोनार के इंचार्ज अजय कुमार को कोडरमा बनाया गया है.




