
CHAKRADHARPUR : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बंडामुंडा में रेलवे की बिजली विभाग की लापरवाही से एक मासूम की जान चली गई. बिजली की चपेट में आकर रेलकर्मी के 6 वर्षीय पुत्र अभिषेक प्रमाणिक की जान चली गई. इस मामले में चक्रधरपुर रेल मंडल के प्रबंधक विजय कुमार साहू ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने आदेश दिया है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बंडामुंडा सेक्टर-ए/189 निवासी राजू प्रमाणिक का बेटा अभिषेख प्रमाणिक रविवार की सुबह 6 बजे फूल तोड़ने के लिए सामने के रेलवे क्वार्टर पर गया था. फूल तोड़ने के क्रम में वह बिजली के तार की चपेट में आ गया जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा. घटना के बाद परिजनों ने उसे बंडामुंडा रेलवे अस्पताल लेकर गए. जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद अभिषेक के परिजनों पर एक पहाड़ जैसा टूट पड़ा जिन्हें रो-रो कर बहुत बुरा हाल हो गया. घटना की सूचना पाकर बंडामुंडा पुलिस अस्पताल पहुंच कर शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है. इधर घटना के बाद से बच्चे की मौत से बंडामुंडा में शोक की लहर दौड़ गई है. बताया जाता है की अभिषेक की जान रेलवे बिजली विभाग की लापरवाही से गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली पोल से अर्थिंग का तार नीचे की तरफ झूल रहा था. रेलवे बिजली विभाग के कर्मियों ने 25 दिन पहले अर्थिंग तार को झुलाकर भाग गए थे. जिसके बाद कॉलोनी के कई लोगों ने तार को काटकर हटाने की मांग की लेकिन रेलवे बिजली विभाग ने लोगों की बात नहीं मानी. आखिरकार आशंका हकीकत में बदली और मासूम की जान ले ली. स्थानीय लोग इतने गुस्से में हैं की मासूम बच्चे की इस मौत को हत्या करार दिया है और इसके लिए रेलवे बिजली विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है. इस घटना को लेकर मेंस कांग्रेस ने अपनी संवेदना प्रकट की है. इधर, मेंस कांग्रेस के महासचिव शशि मिश्रा ने इसे रेलवे बिजली विभाग की घोर लापरवाही मान रहे हैं. उन्होंने इसकी सुचना डीआरएम को देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपील मांग की है. डीआरएम ने भी पुरे मामले पर जांच बिठा दी है. शशि मिश्रा ने इस दुखद घटना पर अपनी और अपने संगठन की तरफ से पीड़ित परिवार को गहरी संवेदना प्रकट की है.
ये भी पढ़ें : Jamshedpur: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की प्रांतीय बैठक संपन्न, स्वर्ण जयंती पर खास तौर से किया गया विमर्श




