
Patna: राजधानी में मोबाइल झपटमारी की घटनाएं आये दिन होती रहती है. पुलिस ऐसे अपराधियों को पकड़ने के लिए हाथ पैर मारती रहती है. ताजा मामला राजधानी के पाटलीपुत्र थाना क्षेत्र का है. यहां मोबाइल चोरी में बेगूसराय के पूर्व विधायक रामानंद राम के बेटे और इंजीनियरिंग के एक छात्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकड़े गए मोबाइल चोरों में बेगूसराय के पूर्व विधायक रामानंद राम का बेटा राकेश राज और उसका साथी निखिल कुमार शामिल है. ये दोनों मौज-मस्ती के लिए मोबाइल झपटमारी करते थे.
इसे भी पढ़ें : अरवल में एसडीओ के सरकारी खाते से साइबर अपराधियों ने उड़ाए 17 लाख, क्लोन चेक से हुई निकासी
पाटलिपुत्र के थानेदार एसके शाही ने बताया कि दीपक कुमार पीएनएम मॉल के समीप से गुजर रहे थे. तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका मोबाइल झपट लिया था. हालांकि भागने के क्रम में बाइक पर पीछे बैठे निखिल कुमार को दीपक ने पकड़ लिया था. शोर मचाने पर बाइक से भाग रहे राकेश राज को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया. दोनों की भीड़ ने पिटाई कर दी. सूचना पर पहुंची पाटलीपुत्र थाने की पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.




