
Chatra: चतरा जिले के एनटीपीसी की उत्तरी कर्णपुरा मेगा थर्मल पावर प्रोजेक्ट में गुरुवार को बॉयलर गिरने से दो मजदूरों की मौके पर मौत हो गयी और 3 मजदूर घायल हो गये. एक मजदूर की हालत गंभीर बतायी जा रही है.
देखें वीडियो
मृतकों की पहचान पलामू निवासी अर्जुन कुमार यादव (30) और गढ़वा निवासी बाबूलाल चौधरी (32) के रूप में की गयी है. दीपक कुमार, सुरेंद्र चौधरी व रामानुज रवि को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सुरेंद्र की स्थिति ज्यादा गंभीर बनी हुई है.
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के मेदांता हॉस्पिटल भेजा गया है.
इसे भी पढ़ें – चतरा: शिकार करने गये युवक की जंगल में मौत, क्रॉस फायरिंग में जान जाने की आशंका
क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार एनटीपीसी के यूनिट टू में बॉयलर का निर्माण किया जा रहा है. इस दौरान 56 टन का लोहे का एंगल ऊपर भेजा जा रहा था. इसी दौरान एंगल के किनारे का एक नट टूट गया. इससे करीब 75 फीट की ऊंचाई से लोहे का एंगल सीधे नीचे आ गिरा, जिसकी वजह से पांच मजदूर उसकी चपेट में आ गये. इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गयी.
इसे भी पढ़ें – #Parliament में बोले मोदी, 20 साल से गालियां सुन रहा हूं, खुद को गाली प्रूफ बना दूंगा, देश के टुकड़े करने की बात की जा रही है…
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गयी
एनटीपीसी की उत्तरी कर्णपुरा मेगा थर्मल प्रोजेक्ट में गुरुवार को एंगल गिरने की घटना के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गयी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी.
घटना में घायल हुए लोगों को आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गयी है और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
इसे भी पढ़ें – #Ayodhya के संत समाज ने राम मंदिर ट्रस्ट का विरोध किया, आपात बैठक बुलाई



