
Jamshedpur : इस साल बोनस के बाजार में 20 की बहार है. अब तक हुए समझौतों में सभी कंपनियों ने 20 फीसदी बोनस के साथ ही अलग से राशि और उपहार दी है. शनिवार शाम को जमशेदपुर आई हॉस्पिटल के कर्मचारियों का भी बोनस समझौता हो गया. प्रबंधन और यूनियन के बीच हुए समझौते के तहत हॉस्पिटल के कर्मियों को इस साल अधिकतम 20 फीसदी बोनस मिलेगा. कर्मचारियों के बोनस की अधिकतम राशि 68795 रुपये और न्यूनतम बोनस की राशि 56908 रुपये मिलेगी. कर्मचारियों के खाते में बोनस की राशि 13 सितंबर को चली जायेगी. बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से डॉ.एसपी जखनवाल, मनोज कुमार रंगा और विशाल वत्स, जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, मीरा कुमारी, बीके डिंडा, सुशांत खालको और मनमोहन लेंका ने हस्ताक्षर किया.
इन कंपनियों में अब तक हो गया है बोनस
अभी तक चार कंपनियों में बोनस समझौता हुआ है. इनके अलावा मेहरबाई कैंसर हॉस्पिटल और आई हॉस्पिटल का बोनस समझौता हो गया है. जिन चार कंपनियों में बोनस समझौता हुआ हैं, उनमें से केवल एक टिमकेन में 20 की बहार नहीं रही. कंपनी का बोनस 19.75 फीसदी हुआ हैं, साथ में कंपनी के कर्मचारियों को स्मार्ट वाच गिफ्ट के रूप में मिलेगा. टिमकेन के अलावा टाटा स्टील, टिनप्लेट और टीजीएस में 20 फीसदी बोनस तो मिला ही है, साथ में सदभावना राशि भी मिली है. टाटा स्टील और टीजीएस में यह सदभावना राशि 20 हजार है जबकि टिनप्लेट में 5 हजार होगी.

बाकी कंपनियों के कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ीं
टाटा स्टील में धमाकेदार बोनस होने के बाद दूसरी कंपनियों के कर्मचारियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं. बड़ी कंपनियों में जुस्को, टाटा मोटर्स, टाटा कमिंस, टीएसपीडीएल, तार कंपनी, न्यूवोको और टाटा पिगमेंट हैं, जहां अभी बोनस समझौते होने बाकी हैं.

जमशेदपुर के कर्मियों के खाते में सवा दौ सौ करोड़ की राशि
अगले कुछ दिनों में जमशेदपुर के कर्मचारियों के खाते में सवा दो सौ यानि 225 करोड़ से ज्यादा की राशि आ जाएगी. वैसे अभी तक टाटा स्टील के सारे लोकेशनों समेत बोनस की राशि 400 करोड़ को पार कर गई हैं. लेकिन इसमें से सवा दो सौ करोड़ की राशि जमशेदपुर के कर्मियों के हैं. इस साल का बोनस बाजार 600 करोड़ को पार कर जायेगा.
इसे भी पढ़ें – इतना भी मत इतराइये हुजूर! यह शहर पौने पांच लाख बोनसवाले का है, तो उस ठेका मजदूर का भी है, जिसका हक ठेकेदार मार जाता है




