1st Lead

कांके डकैती का पर्दाफाश! महीनों तक बिछाया जाल, फिर लूटे लाखों; 6 गिरफ्तार, 8 अब भी जांच के दायरे में

Ranchi: राजधानी के कांके थाना क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है. रिंग रोड के पास आदर्श नगर कॉलोनी, गागी में एक घर को निशाना बनाकर की गई इस वारदात में पुलिस ने अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुल 14 अपराधियों की संलिप्तता की पहचान किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 4.24 लाख रुपये नकद, एक इनोवा कार, एक स्कॉर्पियो और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं. हालांकि, लूटे गए कीमती जेवरात की बरामदगी अभी बाकी है.

सुबह 7 बजे घर में घुसे थे हथियारबंद अपराधी

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड के पास आदर्श नगर कॉलोनी, गागी में रामशंकर प्रसाद सिंह के मकान में हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था. अपराधी घर से कीमती जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए थे. घटना की सूचना मिलने के बाद कांके थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.

अगस्त से ही मकान की रेकी कर रहा था गिरोह

पुलिस की जांच में सामने आया कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले मकान की रेकी की थी. पुलिस के मुताबिक, अगस्त 2026 से ही मकान और घटनास्थल की लगातार निगरानी की जा रही थी. इसके बाद संगठित गिरोह बनाकर वाहन और हथियारों का इंतजाम किया गया और योजनाबद्ध तरीके से डकैती को अंजाम दिया गया. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, आसूचना और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की.

छह आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें बीर बहादुर सिंह, सुधीर कुमार, कम्मो देवी, चंद्रशेखर पांडेय, सुमित कुमार सिंह और रजनीश सिंह शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपियों को बरियातू थाना क्षेत्र, दलादली ओपी और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. मामले में कुल 14 अपराधियों की संलिप्तता की पहचान किए जाने की बात कही गई है. बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

4.24 लाख रुपये और दो गाड़ियां बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 4 लाख 24 हजार रुपये नकद और आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की गई एक ग्रे रंग की इनोवा कार और एक काले रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद की गई है. पुलिस के मुताबिक, डकैती के बाद अपराधी इनोवा कार से फरार हुए थे. बाद में पिठोरिया थाना क्षेत्र में वाहन छोड़कर अलग-अलग निकल गए. जांच के दौरान इनोवा कार को कोकदोरो चौक के पास लावारिस हालत में बरामद किया गया. मामले में स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है.

दो गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों बीर बहादुर सिंह और रजनीश सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. बीर बहादुर सिंह के खिलाफ बिहार के भोजपुर जिले के बड़हरा थाना में वर्ष 2021 का मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है. वहीं, रजनीश सिंह के खिलाफ रामगढ़ जिले के पतरातू थाना में वर्ष 2020 के एक मामले का उल्लेख किया गया है.

लूटे गए जेवरात की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान घटना में उनकी संलिप्तता से संबंधित जानकारी मिली है. इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए कीमती जेवरात की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. अब पुलिस की जांच का अगला फोकस बाकी आरोपियों तक पहुंचने और लूटे गए जेवरात बरामद करने पर है.

Related Articles

Back to top button