
Ranchi : कुछ ही दिनों में हेमंत सरकार के दो वर्ष पूरे होंगे. इतने समय में दुष्कर्म के 3209 केस पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हो चुके हैं. डायन बिसाही के भी 58 केस सामने आ चुके हैं. विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही के महिलाओं के खिलाफ दो सालों में दर्ज अपराधों के सवाल पर सरकार ने यह जवाब दिया है. 19 दिसंबर को उपलब्ध करायी गयी सूचना के मुताबिक दिसंबर 2019 से अक्टूबर 2021 के दौरान महिलाओं से दुष्कर्म के 3209 कांड प्रतिवेदित हुए हैं. इनमें से 2228 कांडों में 2946 अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र समर्पित किये जा चुके हैं.
इसे भी पढ़ें : चार विषय के 15 शिक्षक बनाएंगे टीचर्स गाइड बुक, इसी के अनुसार क्लास में होगी पढ़ाई
दुष्कर्म के 753 केस लंबित
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग (झारखंड सरकार) के मुताबिक दुष्कर्म वाले मामले में 23 माह के भीतर दर्ज कुल मामलों में से 228 केस में अनुसंधान के बाद अंतिम प्रतिवेदन समर्पित किया गया है. 753 केस अब भी लंबित पड़े हैं. डायन बिसाही (डायन हत्या) मामलों में 58 केस रिकॉर्ड में आए हैं जिनमें से 40 कांडों पर काम हुआ है. इन 40 कांडों में से कुल 137 अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है. दो कांडों में अनुसंधान के अंतिम प्रतिवेदन समर्पित किया गया है. 16 कांड लंबित पड़े हैं.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand : राज्य सरकार ने कभी नहीं की कॉन्ट्रैक्ट कर्मियों को स्थायी करने की ‘औपचारिक’ घोषणा
क्या कर रही सरकार
सदन में उपलब्ध करायी गयी जानकारी के मुताबिक महिलाओं के खिलाफ अपराध को रोके जाने को नियमित रूप से सभी जिलों के पुलिस पदाधिकारियों को निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा जा रहा है. ऐसी घटनाओं के सामने आते ही उस पर तुरंत संज्ञान लेने और दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवोई करने का निदेश दिया गया है. स्पेशल ब्रांच को भी सतर्क किया गया है.
महिलाओं का मान सुरक्षित नहीः भानु
भानु प्रताप शाही के मुताबिक सरकार महिला सुरक्षा के नाम पर पूरी तरह से फेल है. दो सालों में बेतहाशा तरीके से महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं. सदन में खुद सरकार यही बता रही. ऐसे में महिलाओं का मान बनाये रखने में सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता जाहिर हो गयी है.
इसे भी पढ़ें : दरबार साहब की घटना की एनआईए और सीबीआई से जांच कराये केंद्र : झारखंड सिख प्रतिनिधि बोर्ड




